रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को देश की पहली नि:शुल्क ‘नालसा’ विधिक सहायता हेल्प लाईन नम्बर 15100 का शुभारंभ किया। इसी के साथ छत्तीसगढ़ में आज एक नया इतिहास रचा गया।
जिला न्यायालय परिषद रायपुर के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय विधिक सहायता प्राधिकरण (नालसा) की इस हेल्प लाईन की शुरूआत की गई। यह हेल्प लाईन कानूनी सलाह देने के लिए पूरी तरह से नि:शुल्क हेल्प लाईन होगी। मुख्यमंत्री ने न्यायालय परिसर में एडीआर भवन और न्याय सदन का भूमिपूजन भी किया।
सर्व सुविधायुक्त एडीआर (आल्टरनेटिव डिस्प्यूट रिसालुशन) भवन का निर्माण 2 करोड़ 42 लाख रूपए की लागत से और न्याय सदन का निर्माण एक करोड़ 28 लाख रूपए की लागत से किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति श्री पी.आर. रामचंद्र मेनन ने की। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के कार्यपालक अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा एवं न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित थे।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री श्री बघेल और मुख्य न्यायाधीश श्री मेनन ने हेल्प लाईन नम्बर पर फोन लगाकर बात की और हेल्प लाईन के शुभारंभ के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की पहली नालसा विधिक सहायता हेल्प लाईन की शुरूआत छत्तीसगढ़ से हो रही है, यह हमारे लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को जल्द, सस्ता और सुलभ न्याय दिलाने में यह हेल्प लाईन बड़ी मददगार होगी।
श्री बघेल ने कहा कि इस हेल्प लाईन की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार के विज्ञापनों में भी इसका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने न्यायिक प्रशासन में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भी राज्य शासन के स्तर से उचित पहल का आश्वासन दिया।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति पी.आर. रामचंद्र मेनन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह विधिक सहायता हेल्प लाईन गरीबों में सबसे गरीब जरूरतमंद लोगों के लिए प्रारंभ की गई है।
इसका लाभ अधिक से अधिक लोग उठा सके इसके लिए जरूरी है कि प्रिंट और विजुअल मीडिया और सिनेमा के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। जिससे लोग इस हेल्प लाईन के प्रति जागरूक हो सके और इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठा सके।
यह भी देखें :
रायपुर: महापौर एजाज ढेबर के बाद उसके करीबी के यहां IT की दबिश…
Add Comment