रायपुर। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का आगाज आज से हो गया। पहले चरण में आज 28 जनवरी को मतदान किया जा रहा है। मतदान को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही लोगों की लाइन बोलिंग बूथों पर लग थी।
पहले चरण में प्रदेश के 57 विकासखंडों के चार हजार 847 ग्राम पंचायतों के 61 लाख 74 हजार 224 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 30 लाख 85 हजार 320 पुरूष मतदाता, 30 लाख 88 हजार 835 महिला मतदाता एवं तृतीय लिंग के 69 मतदाता शामिल हैं।
सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण मतदान के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए निर्भीकता से वोट डालने की अपील की है।
पहले चरण के मतदान के लिए 12 हजार 572 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इसके लिए 80 हजार मतदान कर्मियों और 976 सेक्टर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पहले चरण में 42 हजार 404 पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। इनमें वार्ड पंच के 36 हजार 473, सरपंच के चार हजार 620, जनपद पंचायत सदस्य के एक हजार 144 और जिला पंचायत सदस्य के 167 पद शामिल हैं।
मतदाता पहले चरण में कुल एक लाख 16 हजार 776 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें वार्ड पंच के 90 हजार 838, सरपंच के 20 हजार 145, जनपद पंचायत सदस्य के चार हजार 986 और जिला पंचायत सदस्य के 807 प्रत्याशी शामिल हैं।
29,919 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
पहले चरण में मतदान वाले 29 हजार 919 पदों पर पंचायत प्रतिनिधियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। पंच पद के 29 हजार 657, सरपंच के 216 और जनपद सदस्य के 46 अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक डाले जाएंगे वोट
प्रदेश में पंचायत आम निर्वाचन के पहले चरण के निर्वाचन के लिए 28 जनवरी को सवेरे सात बजे से दोपहर तीन बजे तक वोट डाले जाएंगे। वामपंथ उग्रवाद प्रभावित जिलों नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा में सवेरे पौने सात बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा।
बस्तर जिले के जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा, बास्तानार और दरभा विकासखंड तथा कांकेर के अंतागढ़, कोयलीबेड़ा, भानुप्रतापपुर एवं दुर्गकोंदल विकासखंड में भी सवेरे पौने सात बजे से दोपहर दो बजे तक वोट डाले जाएंगे।
इसी तरह रायपुर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में आज अभनपुर और आरंग जनपद क्षेत्रों में मतदान किया जा रहा है। पहले चरण में 57 विकासखंडों के 4847 पंचायतों में मतदान शुरू हो गया है। सुबह से अभनपुर और आरंग जनपद के क्षेत्रों में मतदान के लिए मतदाता पहुंच रहे हैं।
यह भी देखें :
छत्तीसगढ़ पंचायत चुनाव: बैलेट पेपर में गड़बड़ी… इस केंद्र में रोका मतदान…
Add Comment