राजनान्दगांव। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमन्त्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश सरकार के क्रियाकलापों पर बड़ा हमला बोलते हुए इसे प्रदेश की सबसे झूठी सरकार करार दिया है। डॉ. सिंह जिला पंचायत चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र क्र.- 08 के लिटिया (डीलापहरी) में पार्टी प्रत्याशी अशोक देवांगन के पक्ष में आहूत एक सभा को सम्बोधित कर रहे थे।
भाजपा राष्ट3ीय उपाध्यक्ष डॉ. सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को हिन्दुस्तान का सबसे लबरा (झूठा) मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में झूठे वादे करके कांग्रेस ने सरकार बनाई और गंगाजल हाथ में लेकर झूठे आश्वासन जनता को दिए लेकिन एक साल बीतने के बाद भी प्रदेश सरकार अपने घोषणापत्र का एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई है। इसके लिए मुख्यमन्त्री बघेल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने धान खरीदी के मुद्दे पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने अन्नदाता किसानों से छलावा और वादाखिलाफ़ी की। किसानों का पूरा धान खरीदने से बचने के लिए नित-नये नियम कानून बनाकर किसानों को परेशान किया गया। किसानों के घरों तक पुलिस भेजी गयी और उनका धान और वाहन जब्त किया गया। प्रदेश सरकार ने अन्नदाता कियानों का सम्मान करने के बजाए उन्हें चोर बता दिया।
छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार किसानों के आत्मसम्मान के साथ ऐसा खिलवाड़ पहली बार हुआ है। इसका खामियाजा कांग्रेस सरकार को भुगतना पड़ेगा, क्योंकि जो किसान धान बोना जानता है वो धान लूना (काटना) भी जानता है। डॉ. सिंह ने किसानों से आह्वान किया कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस का सफाया करना है।
डॉ. सिंह ने कहा कि हमारे 15 वर्ष के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ ने विकास के जो आयाम गढ़े, उसे पूरे हिन्दुस्तान ने देखा है लेकिन मौजूदा प्रदेश कांग्रेस सरकार ने विकास और जनकल्याण का ऐसा एक भी काम नहीं किया है जिसे वह गिना सके उल्टे छत्तीसगढ़ को चौदह हजार करोड़ के करेज में डूबाकर इस सरकार ने प्रदेश को कंगाल कर दिया है। डॉ. सिंह ने कहा कि आने वाले चार वर्षों में भाजपा संघर्ष करेगी और सरकार की विफलता को उजागर करेगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव, पूर्व विधायक सरोजिनी बंजारे, पूर्व महापौर शोभा सोनी सहित डी.एन. वर्मा, रोहित चन्द्राकर, महेश यादव, के.के. वैष्णव, कोमल सिंह राजपूत, जागेश्वर साहू, बलराम निर्मलकर, योगेश मिश्रा, विवेक साहू और परदेसी सेनबोइर आदि काफी संख्या में उपस्थित थे।
यह भी देखें :
Add Comment