रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार से आगाज हो रहे युवा महोत्सव में युवा खेल-कला में प्रतिभा दिखाएंगे। महोत्सव में प्रदेश भर से 7593 युवा शामिल होंगे। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा साइंस कॉलेज ग्राउंड में 12 से 14 जनवरी तक युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति और खेल की कई विधाओं का समागम देखने को मिलेगा। तीन दिनों तक संस्कृति और खेल के रंग से राजधानी सराबोर रहेगी। उक्त बातें प्रेस वार्ता के दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने कही।
मंत्री पटेल ने कहा कि महोत्सव में युवाओं के लिए 37 विधाओं में 821 विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसके लिए आयोजन स्थल पूरे तरीके से सजधज कर तैयार है। कार्यक्रम साइंस ग्राउंड सहित अन्य 10 स्थानों पर किया जाएगा।
इनमें पं दीनदयाल ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम, पं रविशंकर विवि ऑडिटोरियम के साथ खेल के लिए कई खेल ग्राउंड की व्यवस्था की गई है. महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम साइंस ग्राउंड में होना है। इसके लिए तीन स्टेज और पंडाल बनाए गए हैं। उइसी के साथ अन्य कार्यक्रम विभिन्न जगहों पर होगा।
महोत्सव स्वामी विवेकानंद की स्मृति हर युवा के मन में रहे और उनके आदर्शों से युवाओं को परिचित कराने के साथ ही उन्हें सांस्कृतिक सरोकारों से जोड़ने के लिए यह कार्यक्रम किया जा रहा है। महोत्सव में छत्तीसगढ़ की माटी की महक लिए लोक नृत्यों और शास्त्रीय नृत्यों, लोक गीत -संगीत और शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
छत्तीसगढ के पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ बांसुरी, वीणा और सितार, मृदंगम और तबले, गिटार और हार्मोनियम की स्वर लहरियों के संगम ंसे एक मनमोहक समां बनेगा। युवाओं के लिए अपनी गौरवशाली संस्कृति से जुड़ने का यह अनूठा अवसर मिलेगा।
महोत्सव में कई विधाओं से दर्शक होंगे ओतप्रोत
युवा महोत्सव में सांस्कृतिक और खेल के कई विधाओं से दर्शक रु-ब-रु होंगे। जिसमें करमा नृत्य, सुआ नाच, पंथीनृत्य, डंडा नाच, राउत नाच, लोकगीत के अलावा शास्त्रीय वादन में हारमोनियम, तबला, बांसुरी।
शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय नृत्य में मणिपुरी, कत्थक, ओडिसी, भरतनाट्यम। वहीं चित्रकला, वाद-विवाद, तात्कालिक भाषण, निबंध प्रतियोगिता साथ ही साथ गेंड़ी चाल, फुगड़ी, भौंरा जैसे पारंपरिक प्रतियोगिता के अलावा छत्तीसगढ़ी व्यंजन एवं वेशभूषा का आनंद ले सकेंगे।
यह भी देखें :
शुभ योग के कारण 6 राशियों के लिए फायदे वाला दिन रहेगा रविवार…
Add Comment