रायपुर। राजधानी में आगामी 12 जनवरी से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आगाज होगा। शासन-प्रशासन स्तर पर युवा उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का उद्घाटन 12 जनवरी को राजधानी में सुबह 10 बजे होगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशन और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल के मार्गदर्शन पर ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने और छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस बार प्रदेश में भव्य तरीके से युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
युवा महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश के सभी विकासखण्डों और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई है। इनमें चयनित प्रतिभागी 12 जनवरी से राजधानी में आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव में 15 से 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रदेश भर के छह हजार 521 प्रतिभागी भाग लेंगेे।
इनमें 3 हजार 613 पुरूष,2 हजार 433 महिला प्रतिभागी और 301 पुरूष और 174 महिला अधिकारी कर्मचारी शामिल हैं। इस दौरान लोक नृत्य, लोकगीत, शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य, वादन, एकांकी नाटक, निबंध, चित्रकला, तात्कालिक भाषण, पारम्परिक वेशभूषा, वाद-विवाद, क्विज, फूड फेस्टिवल जैसे विभिन्न विद्याओं सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
महोत्सव का आयोजन खेल संचालनालय परिसर स्थित पण्डित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम, विज्ञान महाविद्यालय ऑडिटोरियम, विश्वविद्यालय खेल परिसर में किया जाएगा।
विभिन्न आयोजन स्थलों में सुबह 9 से लेेकर रात 8 बजे तक अलग-अलग विद्याओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 12 जनवरी को खेल संचालनालय परिसर के मुख्य मंच में करमा नाच, द्वितीय मंच में लोक नृत्य तथा ओपन मंच में राउत नाचा, हॉल में निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में लोकगीत, शास्त्रीय हिन्दुस्तानी और कर्नाटक संगीत, गिटार और सितार वादन की प्रतियोगिताएं होंगी। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह में एकांकी नाटक और विज्ञान महाविद्यालय ऑडिटोरियम में तबला वादन की प्रतियोगिता होगी। विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता परिसर के खुले मैदान में खेल खो-खो(महिला एवं पुरूष), कबड्डी (महिला) का आयोजन होगा।
युवा महोत्सव के तहत 13 जनवरी को खेल संचालनालय परिसर के मुख्य मंच में लोकनृृत्य,सरहुल नृृत्य द्वितीय मंच में सुवा नृत्य,डण्डा नाच और ओपन मंच में पंथी,बस्तरहिया नृृत्य की प्रतियोगिता होगी। 14 जनवरी को खेल संचालनालय परिसर के मुख्य मंच में रॉक बैंड और ओपन मंच में फुगड़ी,भौंरा प्रतियोगिता,हॉल में वाद-विवाद और क्विज तथा खेल परिसर डोम में फूड फेस्टिवल का आयोजन होगा।
यह भी देखें :
VIDEO छत्तीसगढ़: नव निर्वाचित पार्षद पर एफआईंआर दर्ज…गिरफ्तारी की मांग को लेकर…
Add Comment