आईपीएल खिलाड़ियों की गुरुवार को कोलकाता में होने वाली नीलामी में वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक क्रिकेटरों पर बोली लगाने में सभी फ्रेंचाइजी का ध्यान लगा होगा, लेकिन कुछ युवा भी बड़े करार हासिल कर सकते हैं।
इस लुभावनी फ्रेंचाइजी लीग का 13वां सीजन इसलिए भी अहमियत रखता है, क्योंकि 2020 में ही टी-20 विश्व कप आयोजित किया जाना है। हालांकि इसमें फ्रेंचाइजी टीमों को अपने खर्च पर लगाम कसनी होगी।
ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज मैक्सवेल ने क्रिकेट की दुनिया को हाल में ही उस वक्त आश्चर्यचकित कर दिया था जब उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों के कारण ब्रेक लिया। वह पिछले महीने क्लब क्रिकेट में लौटे और आईपीएल के नीलामी के लिए अपना नाम दिया। वह इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब, मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स (अब कैपिटल) के लिए खेल चुके हैं।
मैक्सवेल ने आईपीएल में 22.1 की औसत और 161.13 की तेज स्ट्राइक रेट से 1,397 रन बनाए हैं। वह पांच ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में से एक हैं जिनकी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है।
इयोन मॉर्गन (इंग्लैंड)
जुलाई में हुए विश्व कप में इंग्लैंड का नेतृत्व करने इयोन मॉर्गन पर भी ऑक्शन में सबकी नजरें होंगी। उन्होंने ऑक्शन में अपनी कीमत 1।5 करोड़ रखी है। मॉर्गन आखिरी बार 2017 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेले थे और पिछले साल अनसोल्ड रहे। हालांकि विश्व कप में वो शानदार फॉर्म में रहे जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ 71 गेंदों में 148 रन बनाने के साथ विश्व रिकॉर्ड 17 छक्के शामिल थे।
जेसन रॉय (इंग्लैंड)
दक्षिण अफ्रीका में जन्में बल्लेबाज जेसन रॉय 104 अर्धशतक लगा चुके हैं और इंग्लैंड के लिए विश्व कप की सफलता में अहम रोल अदा किया। जेसन रॉय क्रिकेट के छोटे फॉर्मेट में सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में एक है। उनका टी-20 में 145 का स्ट्राइक रेट है। जेसन रॉय का भी बेस प्राइस 1।5 करोड़ रुपये है। वह पहले गुजरात लायंस और दिल्ली कैपिटल के लिए खेले हैं।
तबरेज़ शम्सी (दक्षिण अफ्रीका)
इमरान ताहिर के वनडे से संन्यास लेने के बाद से शम्सी दक्षिण अफ्रीका के सीमित ओवरों के स्पिनरों में पहली पंसद बनकर उभरे हैं। हाल में ही विकेट लेने के बाद जश्न मनमाते हुए मैदान पर जादू दिखाने को लेकर उनकी काफी चर्चा हुई। घरेलू मिज़ांसी सुपर लीग में पारल रॉक्स के लिए खेलते हुए शम्सी ने नौ मैचों में 14 विकेट लिए। उन्होंने अपना आधार मूल्य 50 लाख रुपये रखा है।
शिमरोन हेटमेयर (वेस्टइंडीज)
शिमरोन हेटमेयर तेजी से क्रिकेट की दुनिया में एक विस्फोट बल्लेबाज के तौर पर जाने जाने लगे हैं। क्रिस गेल के उत्ताधिकारी के तौर पर उन्हें देखा जा रहा है। 22 वर्षीय इस खिलाड़ी की बेस प्राइस 50 लाख है। भारतीय टीम के खिलाफ चल रहे वनडे सीरीज के पहले मैच में उन्होंने शतकीय पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 11 चौके और सात छक्के लगाए।
सबसे युवा अफगानिस्तान के नूर अहमद
नीलामी के पूल में सबसे युवा खिलाड़ी अफगानिस्तान के नूर अहमद हैं, जिनकी उम्र 14 साल और 350 दिन है। बाएं हाथ के चाइनामैन खिलाड़ी का बेस प्राइज 30 लाख रुपए है और वह लीग में राशिद खान और मोहम्मद नबी के साथ शामिल हो सकते हैं।
हाल में भारत के खिलाफ अंडर-19 वनडे सीरीज में नूर का प्रदर्शन शानदार रहा, जिसमें उन्होंने नौ विकेट हासिल किए थे। और टीमों के कलाई के स्पिनरों के प्रति आकर्षण को देखते हुए उन्हें जल्द ही लिया जा सकता है।
यशस्वी जायसवाल और प्रियम गर्ग भी होड़ में
भारत के युवा खिलाड़ियों में मुंबई के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम के कप्तान प्रियम गर्ग के अलावा तमिलनाडु के बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर और बंगाल के तेज गेंदबाज ईशान पोरेल शामिल हैं। इन सभी का बेस प्राइज 20 लाख रुपए है।
विंडीज के केसरिक विलियम्स पर भी लगेगा दांव
वेस्टइंडीज के एक अन्य खिलाड़ी केसरिक विलियम्स पर भी दिलचस्प बोली लगने की उम्मीद है, जिनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए है, जिन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अपनी वेरिएशन लेती गेंदों से भारतीय कप्तान विराट कोहली को परेशान किया था। ज्यादातर फ्रेंचाइजी टीमों के पास सीमित राशि है, जिसका मतलब है कि ऊंचे बेस प्राइज वाले खिलाड़ियों के लिए जोर शोर से बोली लग सकती है।
ऑस्ट्रेलिया के कमिंस, हेजलवुड पर भी नजरें
नीलामी में पांच ऑस्ट्रेलियाई – पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, क्रिस लिन, मिशेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल शामिल हैं। ये पांचों तथा दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन और श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज ऊंचे बेस प्राइज दो करोड़ रुपये में उपलब्ध होंगे।
विश्व कप टीम का हिस्सा रहने वाले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों ने 2019 नीलामी से बाहर रहने का फैसला किया था, लेकिन अक्टूबर में घरेलू मैदान पर होने वाले टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए वे इसमें शामिल होंगे।
मिशेल स्टार्क ने इस साल बाहर रहने का फैसला किया, लेकिन मैक्सवेल, कमिंस, हेजलवुड और लिन के सूची में शीर्ष पर रहने की उम्मीद है। लगातार दो साल तक नीलामी से बाहर रहने वाले ऑलराउंडर कमिंस को अच्छा करार मिल सकता है।
उनका 2017 सत्र शानदार रहा, जिसमें उन्होंने 15 विकेट हासिल किए थे। हालांकि यह देखना होगा कि डेल स्टेन और एंजेलो मैथ्यूज को कितने में लिया जाता है, क्योंकि उनका बेस प्राइज दो करोड़ रुपए है।
इस बार की नीलामी में बिक पाएंगे डेल स्टेन?
पिछली आईपीएल नीलामी में स्टेन बिक नहीं सके थे, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उन्हें नाथन कूल्टर-नाइल की जगह रख लिया था। लेकिन उनके लिए यह भी अच्छा नहीं रहा, क्योंकि वह चोटिल होने के कारण विश्व कप से बाहर हो गए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का बल्लेबाजी लाइन-अप स्टार क्रिकेटरों से सजा है, जिसके कप्तान विराट कोहली हैं। इसलिए उन्हें शीर्ष स्तर का तेज गेंदबाज चाहिए और कोई ऐसा खिलाड़ी जो फिनिशर की भूमिका निभा सके।
आरसीबी ने हेटमेयर, मार्कस स्टोइनिस और कोलिन डि ग्रैंडहोम के साथ नौ अन्य खिलाड़ियों को रिलीज किया है, जिससे अन्य टीमों की तुलना में वह 10 से 12 स्थानों को भरने में सबसे ज्यादा व्यस्त होगी। टिम साउदी, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे खिलाड़ी नीलामी में शामिल होंगे तो यह देखना दिलचस्प होगा वे 27।90 करोड़ रुपए से कैसे बोली लगाएंगे।
34 साल के रॉबिन उथप्पा भी लाइन में हैं
भारतीयों में कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व उपकप्तान रॉबिन उथप्पा ने अपना बेस प्राइज 1।5 करोड़ रुपए रखा है, उन्हें उनकी आईपीएल विजेता टीम ने रिलीज कर दिया था।
इस समय वह घरेलू सर्किट में केरल की कप्तानी कर रहे हैं और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी राष्ट्रीय टी-20 चैम्पियनशिप के छह मैचों में उन्होंने 139 रन जुटाए। हालांकि यह देखना होगा कि इस 34 साल के खिलाड़ी को कोई टीम खरीदती है या नहीं।
पीयूष चावला उन चार गेंदबाजों में शामिल है, जिन्होंने आईपीएल में 150 विकेट चटकाए हैं, उन्हें भी केकेआर ने रिलीज कर दिया था। इस लेग स्पिनर और ऑलराउंडर यूसुफ पठान का बेस प्राइज एक करोड़ रुपए है। भारतीय टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा और हनुमा विहारी का बेस प्राइज 50 लाख रुपए है, ये दोनों भी बोली में शामिल होंगे।
पिछले साल पुजारा को किसी ने नहीं खरीदा था, जबकि विहारी को दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज किया था। किंग्स इलेवन पंजाब की टीम के पास खर्च करने के लिए 42।70 करोड़ रुपए हैं और उनके जोर शोर से बोली लगाने की उम्मीद है।
मजबूत शीर्ष क्रम के साथ किंग्स इलेवन पंजाब तेज गेंदबाजी में मोहम्मद शमी पर निर्भर है। इसलिए वह कप्तान आर। अश्विन के जाने से उनके स्थान को भरने के लिए एक स्पिनर को खरीदने की कोशिश में होगी।
यह भी देखें :
गुरुवार के दिन गुरु बदलेंगे इन 3 राशियों का भाग्य…पढ़ें दैनिक राशिफल…
Add Comment