रायपुर। विधानसभा में आज छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के विधायक धर्मजीत सिंह ने प्रदेश में प्लास्टिक उत्पाद पर प्रतिबंध किए जाने और प्रदेश के बाहर से प्लास्टिक उत्पाद के आयात का मामला उठाया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले में कहा कि शासन प्लास्टिक उत्पाद को प्रतिबंधित करने को लेकर गंभीर है और छत्तीसगढ़ में बाहर से आ रहे प्लास्टिक के उत्पादों का आयात करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रश्नकाल में धर्मजीत सिंह के मूल प्रश्न के जवाब में वन मंत्री मोहम्मद अकबर की अनुपस्थिति में संसदीय कार्यमंत्री रविंद्र चौबे ने इसका जवाब देते हुए बताया कि सरकार ने इसको लेकर आदेश जारी किया है। एक बार इस्तेमाल किए जाने वाले प्लास्टिक उत्पाद कप, ग्लास, प्लेट,चम्मच के निर्माण और उपयोग को प्रतिबंधित किया गया है।
उन्होंने विधायक को यह भी जानकारी दी कि पर्यावरण संरक्षक मंडल द्वारा प्लास्टिक कैरी बैग एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों का उत्पादन किए जाने हेतु प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण अधिनियम 1974 एवं वायु प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण अधिनियम 1981 के तहत जारी किए गए सम्मति का नवीनीकरण भी नहीं किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने भी इस बात पर चिंता की प्रदेश में प्लास्टिक के कारण बड़े पैमाने पर प्रदूषण फैल रहा है और इसे लेकर गंभीरता दिखाई जानी चाहिए। श्री जोगी ने कहा एक बार इस्तेमाल होने वाले (सिंगल यूज) प्लास्टिक प्रोडक्ट को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।
इसके जवाब में श्री चौबे ने कहा कि इसके लिए सरकार नीति बना रही है और अधिनियम कार्रवाई प्रचलित है। विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने भी इस मामले में चिंता जताते हुए मंत्री से कहा कि बाहर से आयात रोकने से पहले उद्योगपतियों को बुलाकर यहां बातचीत करना चाहिए और पर्यावरण प्रदूषित न हो ऐसे प्लास्टिक उद्योग यहां लगाने की पहल करना चाहिए।
यह भी देखें :
Add Comment