रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव आरपी मंडल ने आज धान खरीदी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को धान के अवैध परिवहन रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में चेक पोस्ट बनाकर कड़ी निगरानी रखने के साथ अवैध परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव आर.पी. मंडल आज राजधानी रायपुर के सिविल लाईन स्थित नवीन विश्राम गृह में प्रदेश के समस्त संभागायुक्त, कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं तथा कार्यक्रमों की समीक्षा की।
श्री मंडल ने बैठक में धान खरीदी पर अधिकारियों से कहा कि कोचियों और बिचोलियों के खिलाफ लगातार करवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ एकमात्र राज्य है जो 2500 प्रति क्विंटल में धान की खरीदी कर रहा है।
इसके फायदा राज्य के किसानों को ही मिले यह ध्यान रखा जाए। श्री मंडल ने यह भी कहा कि धान खरीदी शुरू होने के साथ ही रोज खरीदी केन्द्रों का सत्यापन किया जाए। धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी हो।
श्री मंडल ने बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत प्रकरण निराकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने संभागीय आयुक्त को निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए है। मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा कि आबादी एवं नजूल भूमि के पट्टो को फ्री होल्ड कराएं।
इससे हितग्राहियों को भू स्वामी का हक मिलेगा तथा वे भूमि का हस्तांतरण आसानी से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे विकास बढ़ेगा और राज्य शासन का राजस्व भी बढ़ेगा।
यह भी देखें :
छत्तीसगढ़: CSEB कार्यालय में लगी आग…महत्वपूर्ण दस्तावेज जलने की आशंका…
Add Comment