छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

आज शहरी सरकारों का जनादेश… बिरगांव-भिलाई सहित 29 जगहों पर होगी निकाय चुनाव की मतगणना, 600 मेजों पर होगी गिनती…

छत्तीसगढ़ में शहरी सरकारों के गठन के लिए जनादेश का समय आ गया है। गुरुवार को प्रदेश के 29 शहरों में सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। करीब 2 हजार कर्मचारी 600 मेजों पर वोटों की गिनती करेंगे। इसी गिनती से उन एक हजार 393 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जो 385 सीटों पर कब्जे के लिए कई महीनों से जनता से वोट मांग रहे थे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बताया, सभी जिलों में मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके लिए 29 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सभी जिलों को मतगणना स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन, निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है, मतगणना के लिए 2 हजार कर्मचारी और 1500 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग ने बताया, इस चुनाव में 4 लाख 88 हजार 425 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

जिसमें से 2 लाख 48 हजार 41 पुरुष, 2 लाख 40 हजार 369 महिला और 15 तृतीय लिंग समुदाय के लोग शामिल थे। आम चुनाव वाले 15 नगरीय निकायों में 60.60% मतदान हुआ है। वहीं उप निर्वाचन का मतदान 64.85% रहा। बिरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगमों सहित 15 शहरों के 370 वार्डों में आम चुनाव हुआ था। यहां से 1345 उम्मीदवार पार्षद पद की दावेदारी कर रहे हैं। 14 शहरों के 15 वार्डों में चुनाव हुआ, जहां से 48 उम्मीदवार चुनावी मैदान मे थे।

दोपहर बाद तक आने लगेंगे नतीजे
निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने बताया, मतगणना का काम सुबह 9 बजे से शुरू होगा। प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों के सामने स्ट्रांग रूम और मतपेटियों को खोला जाएगा। उसके बाद मतपत्रों का बंडल बनाया जाएगा। इस प्रक्रिया में एक घंटा समय लग सकता हैं। उसके बाद वास्तविक मतगणना शुरू होगी। मतगणना कई चरणों में होगी। उम्मीद जताई जा रही है दोपहर बाद तक नतीजे आने शुरू हो जाएंगे।

नगर निगमों में यहां होगी मतगणना
बिरगांव नगर निगम की मतगणना आड़वाणी स्कूल में होगी। भिलाई नगर निगम के लिए कल्याण महाविद्यालय सेक्टर-7 को मतगणना स्थल बनाया गया है। नगर निगम रिसाली की गणना उच्चतर माध्यमिक स्कूल टंकी मरौदा में होगी, वहीं भिलाई-चरौदा नगर निगम की मतगणना शासकीय खूबचंद बघेल महाविद्यालय भिलाई-3 में तय है। उपचुनाव वाले निगमों में बिलासपुर के बृजेश हायर सेकंडरी स्कूल, रायगढ़ में पॉलिटेक्निक कॉलेज और राजनांदगांव के पटवारी प्रशिक्षण स्कूल में मतगणना होनी है।

Back to top button
close