नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का शनिवार दोपहर 12 बजकर 7 मिनट पर दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। 66 साल के जेटली पिछले काफी समय से बीमार थे और उन्हें 9 अगस्त को एम्स में भर्ती किया गया था।
जेटली के निधन पर बीजेपी सहित तमाम विपक्षी नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। अपनी खराब सेहत के चलते उन्होंने सक्रिय राजनीति से खुद को दूर कर लिया था। हालांकि, वह राज्यसभा के सदस्य थे। जेटली का इलाज अमेरिका में हो चुका था। जेटली के निधन का समाचार पाकर देश भर में शोक की लहर दौड़ गई है।
जेटली की मौत की खबर मिलते ही गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद की अपनी यात्रा छोडक़र दिल्ली लौट रहे हैं। फिल्म अभिनेता संजय दत्त ने अरुण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, अरुण जेटली सर के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। हमने आज प्रमुख नेताओं में से एक को खो दिया है। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
अरुण जेटली का अंतिम संस्कार रविवार 2 बजे बाद दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा। रविवार को उनका पार्थिव शरीर 12 से दो बजे तक भाजपा मुख्यालय में दर्शन के लिए रखा जाएगा जहां से उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अरुण जेटली के निधन पर दुख जताते हुए एक बयान जारी करते हुए कहा कि जेटली के निधन से गहरा दुख पहुंचा है। एक सांसद और मंत्री के रूप में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
कुमार विश्वास ने ट्वीट करते हुए लिखा, नीतिज्ञ वक्ता,वैश्विक मंच से जनमंच और पार्लियामेंट से पार्टी कार्यालय तक सदैव सन्नद्ध स्वीकृत नेता, विधि-विशारद, अर्थशास्त्री, सौम्य-सुदर्शन व्यक्तित्व अरुण जेटली का असमय निधन भारतीय राजनिति की अपूरणीय क्षति है ! राज्यसभा-लोकसभा मौन हैं और ईश्वर की देवसभा अरुण-सुषमा से मुखर।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा-श्री अरुण जेटली जी एक कुशल वक़्ता, सफल अधिवक्ता और सौम्य राजनीतिज्ञ के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे
राबर्ट वाड्रा ने भी उनके निधन पर ट्वीट कर कहा-मुझे अरुण जेटली के असामयिक निधन के बारे में जानकर दुख हुआ।
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास के आज और कल के सभी कार्यक्रम पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन के मद्देनजर स्थगित कर दिए हैं।
अरुण जेटली के निधन पर शोक जताते हुए उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा, उनकी मौत देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है और व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए भी। मेरे पास अपना दुख व्यक्त करने के लिए कोई शब्द नहीं है। वह एक शक्तिशाली बुद्धिजीवी, एक योग्य प्रशासक थे।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट करते हुए लिखा, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अरुण जेटली जी का निधन मेरे लिए अत्यंत असहनीय है।
भारत में फ्रांस के राजदूत अलेंक्सजेंडर जियेगलर ने ट्वीट करते हुए कहा, फ्रांस की ओर से, मैं अरुण जेटली जी के परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रदान करता हूं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन का समाचार बेहद दु:खद है।
मेरा उनका सदैव करीबी संबंध रहा,उनका निधन राजनैतिक क्षेत्र की एक अपूर्णिय क्षति है,परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, भाजपा और अरुण जेटली जी का अटूट बंधन था। एक शानदार छात्र नेता के रूप में वह आपातकाल के दौरान हमारे लोकतंत्र की रक्षा करने में सबसे आगे थे। वह हमारी पार्टी के पंसदीदा चेहरा बन गए, जो पार्टी के कार्यक्रमों और विचारधारा को समाज के एक बड़े तबके तक ले जाते थे।
यह भी देखें :
छत्तीसगढ़ : पूर्व वित्तमंत्री अरूण जेटली के निधन पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि…
Add Comment