देश -विदेश

पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी, जवान सहित 4 घायल

नई दिल्ली। पाकिस्तान की ओर से लगातार तीसरे दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे तीन जिलों में गोलियां चलाई गईं जिसमें एक जवान समेत चार लोग घायल हो गए। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे हुए गांवों को निशाना बनाते हुए पूरी रात गोलाबारी की और गोलियां दागी। उन्होंने बताया कि आज सुबह अंतिम रिपोर्ट आने तक गोलाबारी जारी था। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान जान-माल को नुकसान पहुंचाने के लिए गांव को निशाना बना रहा है लेकिन बीएसएफ उसे मुंहतोड़ जवाब दे रहा है। उन्होंने बताया कि परग्वाल सेक्टर में बीएसएफ का एक जवान इस हमले में घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे अरनिया, रामगढ़, सांबा और हीरानगर सेक्टर में सुबह पांच बजे तक गोलीबारी की। अधिकारी ने बताया कि इससे अखनूर के कनाचक सेक्टर में दो लोग घायल हो गए तथा एक लड़की को भी मामूली जख्म आए हैं। उन्होंने बताया कि सीमा से लगे इलाकों में रहने वाले 8,000-9,000 लोग सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं और उनमें से ज्यादातर लोग अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं। वहीं 1,000 से ज्यादा लोग आर एस पुरा, सांबा और कठुआ क्षेत्रों में बने शिविरों में रह रहे हैं।
गोलीबारी के चलते स्कूल-कालेज बंद
गोलीबारी के चलते जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतराष्र्ट्रीय सीमा के नजदीक रह रहे लोगों में तनाव बना हुआ है। प्रशासन ने यहां स्कूलों को बंद करने के आदेश दे दिए हैं। प्रांतीय प्रशासन के अधिकारियों ने कहा, एलओसी और अंतराष्र्ट्रीय सीमा के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी स्कूलों को तीन दिनों के लिए बंद रखा जाएगा।

Back to top button
close