दुर्ग। सीएम भूपेश बघेल कल हरेली तिहार का उत्सव अपने विधानसभा क्षेत्र पाटन में मनाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन दुर्ग के पाटन ब्लॉक के ग्राम पाहंदा में आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री कल पाहंदा में माडल गौठान का लोकार्पण करेंगे एवं हरेली त्योहार की खुशियों में लोगों के साथ शिरकत करेंगे।
तिहार केवल ग्रामीण अंचल में ही नहीं नगरीय निकाय में भी मनाया जाएगा क्योंकि दुर्ग जिले की बड़ी आबादी शहरी है। अधिकतर आबादी शहरी भले हैं लेकिन जुड़ाव अभी भी गांव की मिट्टी से है। यहां भी हरेली तिहार का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन के लिए जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में है। हरेली त्योहार का आकर्षण परंपरागत खेलों को लेकर होता है। जिन स्थानों में आयोजन किया जाएगा, वहां छत्तीसगढ़ के परंपरागत खेल जैसे गेड़ी, बिल्लस, फुगड़ी, खोखो, कबड्डी आदि का आयोजन भी किया जाएगा।
खेलों के विजेता पुरस्कृत भी किए जाएंगे। कलेक्टर अंकित आनंद ने सभी अधिकारियों को तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारियों को उत्तरदायित्व सौंपे गए हैं।
हरेली त्योहार का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के व्यंजन होते हैं। इसके लिए खास तौर पर एक पूरा स्टाल बनाया जाएगा। इसमें विविध छत्तीसगढ़ी व्यंजन होंगे। जो चीला का आनंद लेना चाहें, वे चीला खाएं। जो ठेठरी-खुरमी पसंद करते हैं उनके लिए ठेठरी खुरमी व्यंजन उपलब्ध होगा।
स्वसहायता समूह की महिलाएं इसके लिए स्टाल लगाएंगी। शहरी क्षेत्रों में भी इसके स्टाल लगाए जाएंगे। ऐसे शहरवासी जो ग्रामीण जीवन से नहीं जुड़े हुए हैं उनके लिए भी छत्तीसगढिय़ा खानपान का स्वाद लेने का यह अच्छा अवसर होगा।
विभागीय योजनाओं की जानकारी देने लगाए जाएंगे स्टाल
हरेली त्योहार के साथ ही लोगों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी अधिकाधिक पहुंचे, इसके लिए भी स्टाल लगाए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, हस्तशिल्प कला विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग, रेशम तथा पशुधन विकास विभाग अपने स्टाल लगाएंगे। सांस्कृतिक संध्या भी हरेली का जश्न नाचा और गम्मत के साथ समाप्त होता है। इसके लिए विशेष आयोजन के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी देखें :
Add Comment