रायपुर। पन्द्रहवें केन्द्रीय वित्त आयोग के सदस्य 23, 24 और 25 जुलाई को राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे राज्य में चलाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी लेंगे और क्षेत्र में भी इसका अवलोकन करेंगे।
तीन दिन के इस दौरे में केन्द्रीय वित्त आयोग के सदस्य राज्य की भौगोलिक, सामाजिक, आर्थिक, औद्योगिक, राजनैतिक आदि परिदृश्यों की जानकारी लेंगे। साथ ही राज्य के विकास में रूकावट या बाधा बन रहे तथ्यों से भी अवगत होंगे।
केन्द्रीय वित्त आयोग के सदस्यों को गृह विभाग द्वारा राज्य की नक्सली समस्या और उससे जुड़े विभिन्न तथ्यों के विषय में बताया जाएगा। पंचायत राज्य संस्थाओं और नगरीय निकायों के सदस्यों से चर्चा होगी। जिसमें सदस्यों के विचार सुने जाएंगे। इसके अलावा राज्य के विभिन्न राजनीतिक दलों से वित्त आयोग के सदस्य मिलेंगे।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी’ के क्रियान्वयन का अवलोकन क्षेत्र में करेंगे। वे पुरातात्विक महत्व के स्थलों का भी अवलोकन करेंगे।
केन्द्रीय वित्त आयोग के सदस्य मंत्रालय में मुख्यमंत्री एवं विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकर खनिज, वन, आवास एवं पर्यावरण, वाणिज्यकर (जीएसटी), उद्योग, स्मार्ट सिटी नया रायपुर आदि के विषय में जानकारी लेंगे।
15वें वित्त आयोग के दल में अध्यक्ष एन.के.सिंह, सदस्य अजय नारायण झा, डॉ. अनूप सिंह, डॉ.अशोक लाहिड़ी, डॉ. रमेश चंद्र, अरविंद मेहता शामिल हैं।
यह भी देखें :
BIG BREAKING : सोने में जबरदस्त उछाल… 36,000 के करीब… और बढ़ सकती हैं कीमतें…
Add Comment