
रायपुर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन मास में प्रथम सोमवार को शहर एवं प्रदेश के शिवालयों में भक्तों की कतार भोलेनाथ के मंदिरों में लगने की जानकारी हमारे 27 जिलों के संवाददाताओं ने दी है।
शहर में हटकेश्वरनाथ महादेवघाट में सुबह से ही भक्त कतार में लगकर खारून में स्नान कर अपनी बारी का इंतजार जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक करने के लिए इंतजार करते दिखे। वहीं राजिम स्थित राजीव लोचन मंदिर में महानदी में स्नान कर भक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भोलेनाथ के दर्शन किये।
शहर में अन्य शिवालयों में बुढ़ेश्वर मंदिर बुढ़ापारा, नीलकंठेश्वरधाम टिकरापारा, शिवधाम रावांभाठा, भोलेनाथ मंदिर शंकर नगर, सुरेश्वर महादेव मंदिर खम्हारडीह, दुधाधारीमठ एवं गुढिय़ारी स्थित शंकर मंदिर एवं तेलीबांधा अवंति विहार मार्ग पर स्थित शिव मंदिर में भक्तों ने सुबह से ही महादेव के दर्शन किये।
पौराणिक मान्यता के अनुसार श्रावण मास में भोलेनाथ की भक्ति करने से उनके प्रसन्न होने पर शुभ फल प्राप्त होते है एवं अविवाहित कन्याओं को मनचाहे वर की प्राप्ति होती है।
खम्हारडीह स्थित पं. रमाशंकर तिवारी ने जानकारी देते हुए प्रतिनिधि को बताया कि भोलेनाथ के दर्शन के दौरान जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक के तहत दूध, शहद, फल, दही, मक्खन आदि का अर्पण किया जाता है। साथ ही बेलपत्तरी, धतूरे का फूल, लाल मंदार का फूल आदि चढ़ाने से शिव शंकर प्रसन्न होकर अक्षय सुखों का वरदान देते हैं।
यह भी देखें :
छत्तीसगढ़ : जवानों को नुकसान पहुंचाने नक्सलियों ने डमी पुतला में लगाया बम… जवानों ने किया निष्क्रिय