
खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के जिला बनाने का दांव चल गया है। कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा वर्मा 14वें राउंड में 14072 वोटों से आगे चल रही हैं। हालांकि BJP उम्मीदवार कोमल सिंह जंघेल उन्हें कांटे की टक्कर दे रहे हैं।
13वें राउंड में 13,175 वोट और 11वें राउंड में कांग्रेस 11903 वोटों से आगे थी। पहले राउंड से शुरू हुआ यह सिलसिला कायम है। इससे पहले 10वें राउंड की गिनती खत्म होने के बाद साथ ही कांग्रेस में जीत का जश्न शुरू हो गया है। खैरागढ़ से लेकर रायपुर तक कांग्रेसी ढोल बजाकर डांस कर रहे हैं।
वोटों की गिनती शनिवार सुबह 8 बजे से जारी है। कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा वर्मा ने 10वें राउंड में 12 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बना ली थी। दूसरी ओर JCCJ उम्मीदवार नरेंद्र सोनी, निर्दलीय प्रत्याशी विप्लव साहू से भी पीछे चल रहे हैं। नरेंद्र सोनी के साथ ही अन्य कई निर्दलीय उम्मीदवारों का अपनी जमानत तक बचाना मुश्किल होगा।
कांग्रेस की पहले राउंड से ही मार्जिन बढ़ती जा रही है। 6वें राउंड के खत्म होने तक वह 8886 वोटों से आगे चल रही हैं। BJP प्रत्याशी कोमल सिंह जंघेल अभी भी दूसरे नंबर पर हैं। जनता ने नोटा का भी जमकर इस्तेमाल किया है। 6वें राउंड के खत्म होने पर नोटा को 827 वोट मिले हैं। दोपहर बाद 2 बजे तक तस्वीर साफ हो जाने की संभावना है। मतगणना 21 चरणों में होगी। इसके लिए ढाई सौ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पांचवां राउंड पूरा होने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा वर्मा 6603 वोटों से आगे चल रही थीं। इससे पहले चौथे राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद यशोदा वर्मा करीब 5 हजार वोटों से आगे थीं। तीसरे राउंड में 3704, दूसरे राउंड में 2557 और पहले राउंड में 1175 वोटों से आगे थीं। पहले राउंड की गिनती में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा को 3068 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल को 2693 मत मिले हैं।