रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में 9 से 11 जुलाई तक सिंचाई जल प्रबंधन विषय पर उच्च स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भारतीय जल प्रबंधन संस्थान, भुवनेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस संगोष्ठी में विभिन्न राज्यों में संचालित 29 केन्द्रों के केन्द्र प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक भाग लेंगे।
संगोष्ठी में वैज्ञानिकों द्वारा पिछले वर्ष की सिंचाई जल प्रबंधन परियोजना के परिणामों की विवेचना की जाएगी तथा साथ ही इस वर्ष की जाने वाली अनुसंधान परियोजनाओं की रूपरेखा तैयार करने हेतु विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में वर्षा जल, सतही जल, भू-जल एवं नदी-नालों के जल के समुचित प्रबंधन के साथ-साथ इनका कृषि कार्यों में उपयोग करने हेतु कम लागत की तकनीकों को देश एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए विकसित करने पर चर्चा की जाएगी।
इस बैठक में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस. के पाटिल, भारतीय कृषि अनुुुुसंधान परिषद के सहायक महानिदेशक डॉ. एस. के. चैधरी एवं भारतीय जल प्रबंधन संस्थान भुवनेश्वर के निदेशक डॉ. एस. के अम्बस्ट मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉ. एम. पी. त्रिपाठी ने बताया कि संगोष्ठी में देश के विभिन्न जिलों से लगभग 100 से अधिक वैज्ञानिक भाग लेंगे तथा वैज्ञानिकों द्वारा देश एवं प्रदेश में जल की भीषण समस्या के निदान हेतु नवीन एवं प्रभावी प्रौद्योगिकी विकसित करने के लिए विशेष रूप से विचार मंथन किया जाएगा।
संगोष्ठी में सतही जल एवं भूजल के उपयोग हेतु सूक्ष्म स्तर में जल संसाधन प्रबंधन, सिंचित क्षेत्रों में जल परिवहन एवं उपयोग क्षमता बढ़ाना, जल उत्पादकता को बढ़ाने हेतु सिंचाई जल का बहुल उपयोग, अति सूखा, बाढ़ या चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों हेतु जल प्रबंधन की आकस्मिक योजना बनाना, स्थान विशेष हेतु भूजल भरण तकनीकों का मानकीकरण, सीमित एवं बेकार जल को सिंचाई हेतु उपयोग करना तथा भूजल के प्रदूषण की समस्या सेे संबंधित कार्य की रूपरेखा तथा जलाक्रान्त क्षेत्रों के प्रबंधन हेतु वैकल्पिक फसल एवं अभियांत्रिकी विकल्प की जानकारी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विमर्श किया जाएगा।
यह भी देखें :
भारी बारिश के चलते CM भूपेश बघेल का भानुप्रतापपुर दौरा रद्द…
Add Comment