नईदिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर लगाए जा रहे अलग-अलग कयासों पर अब विराम लगने के संकेत मिल रहे हैं। खबर है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत को राहुल गांधी की जगह पार्टी के नए अध्यक्ष बन सकते हैं।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी ने गहलोत के नाम पर मोहर लगा दी है और अब औपचारिक ऐलान होना बाकी है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि अशोक गहलोत अकेले कांग्रेस अध्यक्ष होंगे या उनकी मदद के लिए कई कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए जाएंगे। कांग्रेस की ओर से अशोक गहलोत के नाम की चर्चा के बाद अब यह भी साफ हो गया है कि कांग्रेस का नया अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस बहुत जल्द अध्यक्ष पद के नाम का ऐलान कर सकती है। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत के नाम पर हामी भर दी है। गहलोत ने बुधवार को राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनसे पार्टी प्रमुख बने रहने का आग्रह भी किया था, लेकिन राहुल गांधी अब पार्टी के अध्यक्ष पद पर बने नहीं रहना चाहते हैं।
राहुल गांधी ने पहले ही साफ कर दिया था कि उनकी जगह पर प्रियंका गांधी के नाम पर भी विचार नहीं किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि मोदी सरकार हमेशा से कांग्रेस को वंशवाद के मुद्दे पर घेरा है और चुनावों में इसका फायदा भी उसे मिलता रहा है। ऐसे में राहुल गांधी चाहते हैं कि इस बार पार्टी का अध्यक्ष गांधी परिवार से न हो जिससे यह मुद्दा हमेशा के लिए खत्म हो जाए।
राहुल अगले एक से डेढ़ साल तक कांग्रेस अध्यक्ष पद से दूर रहेंगे, बताया जा रहा है कि कांग्रेस के बड़े नेताओं ने ही ये बीच का रास्ता राहुल गांधी के लिए निकाला है। इस दौरान राहुल गांधी बिना किसी पद के देशभर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। वहीं, नए कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर जल्द ही कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई जा सकती है।
यह भी देखें :
30 साल पुराने मामले में चर्चित पूर्व IPS संजीव भट्ट को उम्रकैद…हिरासत में मौत का मामला…
Add Comment