टीएस सिंहदेव ने किए दो ट्वीट, साधा भाजपा के आदिवासी नेताओं पर निशाना
रायपुर। रामविचार नेताम की पत्रवार्ता पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने कहा है कि अगर भाजपा फिर सत्ता में आई तो आदिवासियों का हाल क्या होगा? उन्होंने लगातार दो ट्वीट कर अपनी बात रखी। नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव ने कहा कि जो बयान मंगलवार रात भाजपाई आदिवासियों ने दिया है उस कथन से भाजपा की मंशा साफ हो जाती है कि यदि भाजपा पुन: सरकार में आती है तो आदिवासी भाइयों की जमीन छीनने के लिए बनाया गया यह काला कानून लागू कर दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी इस छल को उजागर कर भाजपा के मंसूबो पर पानी फेर देगी और इस काले कानून का हर स्तर पर विरोध करेगी। भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के रराष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने कांग्रेस कि आशंका को पुष्ट कर दिया है। उनका कहना है कि भू-राजस्व संहिता का संशोधन अभी स्थगित है और भविष्य में इस पर विचार किया जाएगा। इससे ये स्पष्ट है कि इसे लागू करना किया जाएगा। सिर्फ चुनाव तक स्थगित किया गया है। मंगलवार को रामविचार नेताम ने कहा कि सीएम ने किसी पार्टी के कहने पर नहीं आदिवासियों के अनुरोध करने पर भू-राजस्व वाले बिल को वापस लिया है।
Add Comment