छत्तीसगढ़: मानसून में हो सकती है और देरी…इस दिन तक दस्तक का अनुमान…

रायपुर। ‘वायु” तूफान दिशा बदलकर एक बार फिर गुजरात की तरफ बढ़ चला है। तूफान का असर हालांकि पूर्व के मुकाबले काफी है, मगर यही है जो मानसून को आगे बढ़ने नहीं दे रहा है। मानसून दक्षिण भारत में है।
इसे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं मिल रही हैं। समुद्री इलाके से नमी कम पहुंच रही है। मौसम वैज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक अभी जो बारिश हो रही है वह पश्चिमी हवाओं की वजह से है।
अगर हिंद महासागर में कोई मजबूत सिस्टम बनता है तो वह मानसून को ऊपर की ओर धकेलेगा। फिलहाल मौसम विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि मानसून अब 16 नहीं, 18 जून तक जगदलपुर पहुंचेगा। यानि अभी और दो दिन इंतजार करना होगा।
मानसून के 22-23 जून तक रायपुर पहुंचने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अगर हल्की बारिश होती है तो तापमान नहीं बढ़ेगा। अगर नहीं होती है तो पारा 43 डिग्री छू सकता है। अभी रायपुर का तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक बना हुआ है।
शनिवार की सुबह हल्की बादली छाई रही। दोपहर होते-होते कुछ देर के लिए सूर्य के दर्शन हुए, मगर फिर यह बादलों में छिप गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान था कि शाम होते-होते रायपुर में तेज हवाएं चलेंगी और बारिश हो सकती है, मगर गुढ़ियारी क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार की रात रायपुर में 30 मिमी बारिश हुई। इससे गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली।
शहरों का तापमान
जिला- अधिकतम
रायपुर- 41.5 (6)
बिलासपुर- 42.6
पेंड्रा- 38.7
अंबिकापुर- 40.5
जगदलपुर- 39.1
दुर्ग- 43.2
राजनांदगांव- 41.4
रायपुर का पूर्वानुमान
रायपुर, रायपुर के आसपास के क्षेत्रों का मौसम शाम होते-होते बदलने का पूर्वानुमान है। बादल घिर सकते हैं, हल्की बारिश भी हो सकती है। तापमान 41-42 डिग्री के करीब रहेगा।
यह भी देखें :
INDIA-PAK महामुकाबले पर बारिश का खतरा…कैसे होगा 50 ओवर का मैच?