छत्तीसगढ़सियासत

अटल विकास यात्रा में बोले रमन: स्मार्ट, हरित, समृद्ध, खुशहाल होगा छत्तीसगढ़, अमित शाह की जमकर तारीफ, कई सौगातें भी दी…

डोंगरगढ़। अटल विकास यात्रा की शुरुआत के साथ ही राज्य में भाजपा ने चुनावी शंखनाथ फूंक दिया है। डोंगरगढ़ में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई। विकास यात्रा पर डॉ. रमन ने कहा कि 2025 का छत्तीसगढ़ स्मार्ट, हरित, समृद्ध, खुशहाल होगा। अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का छत्तीसगढ़ होगा।

जिसे साकार करने में हम सब लगे हैं। मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने इस अवसर पर लगभग 12 लाख गरीब परिवारों को राहत देते हुए ऐलान करते हुए कहा कि सौ रूपए मासिक के फ्लैट रेट पर बिजली दी जाएगी। अब तक 40 यूनिट तक की मुफ्त बिजली दी जा रही थी। उन्होंने कहा कि किसानों को पंप के लिए एक लाख रूपए तक की छूट दी जा रही है।

सीएम रमन ने कहा कि इस विकास यात्रा में 750 करोड़ का तेंदूपत्ता बोनस का वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सातवां वेतनमान, लघु वनोपज सहित फायदे में चल रहे निगम मंडल, आयोग को सांतवां वेतनमान देने की स्वीकृति भी हमने दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया था, किसानों के हित में हमने बड़ा फैसला लेते हुए तय किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ-साथ किसानों को 300 रूपए बोनस देंगे। 

इसके लिए 2400 करोड़ रूपए की राशि व्यय की जाएगी। रमन ने कहा कि 11-12 सितंबर को हम विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर किसानों के हित में 2400 करोड़ रूपए का अनुपूरक बजट पारित करेंगे। मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी को याद करते हुए कहा कि राज्य का निर्माण कर उन्होंने यहां की जनता का मान, सम्मान और गौरव को बढ़ाया था। आज यहां जो विकास दिख रहा है, यह अटल जी की प्रेरणा का ही नतीजा है।

मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने अटल विकास यात्रा के शुभारंभ समारोह में शामिल होने पहुंचे अमित शाह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जब आते हैं, तो लाखों कार्यकर्ताओं को असीम ऊर्जा मिलती है। अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने चमत्कार किया है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने का श्रेय किसी को जाता है, तो अमित शाह को जाता है। देश के सबसे ज्यादा सांसद, सबसे ज्यादा विधायक, 20 राज्यों में सरकार यह उनके कुशल नेतृत्व में हुआ है।

यहाँ भी देखे : भाजपा की घोषणा-पत्र समिति, बृजमोहन संयोजक, पूर्व कलेक्टर ओपी चौधरी होंगे सदस्य 

Back to top button
close