रायपुर। बीती रात एवं आज सुबह-सुबह स्थानीय प्रभाव के चलते हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आने से लोगों को राहत मिली है। पानी गिरने के बाद उमस में इजाफा होने के कारण दिनभर लोग पसीने से लथपथ रहे। राज्य में आगामी चौबीस घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान कुछेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने तथा तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
आज सुबह राजधानी में हुई बारिश के बाद भी शहर में दिन का तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। वहीं शाम को एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग से जुड़े सूत्रों की माने तो प्रदेश में आगामी चौबीस घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा। लेकिन इस दौरान कुछेक स्थानों पर दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है।
बस्तर, दुर्ग, रायपुर तथा बिलासपुर संभाग में कुछेक स्थानों पर दोपहर बाद तेज हवाएं चलने, आसमान में बादल छाने, तेज गर्जना के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इधर आज सुबह राजधानी रायपुर में हुई बारिश के बाद भी दिन में अधिकतम तापमान का आंकड़ा 44.8 डिग्री तक पहुंच गया है। इसी तरह अंबिकापुर में 36.8, बिलासपुर में 44.6, पेण्ड्रारोड में 41.7 तथा वनांचल क्षेत्र जगदलपुर में 38.9 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून के आने में देरी
मौसम विभाग से जुड़े सूत्रों की माने तो इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने तय समय से करीब एक सप्ताह के विलंब से प्रदेश में दस्तक दे सकता है। वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान-निकोबार द्वीप समूह से आगे बढ़कर बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गया है।
दूसरी ओर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों को अब झमाझम बारिश का इंतजार है। लेकिन वर्तमान में निर्मित परिस्थितियों के आंकलन के बाद यह कहना गलत नहीं होगा कि लोगों को अभी झमाझम बारिश के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।
यह भी देखें :
सर्चिंग पर थे जवान…नक्सली कैंप देखते ही किया ध्वस्त…हथियार और नक्सल सामग्री जब्त…
Add Comment