नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की शर्मनाक हार को लेकर मंथन शुरू हो गई है। इसके लिए कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक शुरू हो गई है। मोदी की सुनामी में कांग्रेस की जो गत हुई, उससे हर कोई हैरान है। हार पर मंथन करने के लिए आज कांग्रेस के दिग्गज इक_ा हुए हैं।
इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खडग़े, गुलाम नबी आजाद, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पहुंच गए हैं। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की है।
2014 के मुकाबले इस चुनाव में कांग्रेस की सिर्फ 8 सीटें बढ़ीं हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 44 सीट जीती थीं। जबकि इस बार पार्टी को महज 52 सीट मिली हैं, जिससे उसे लोकसभा में विपक्ष का भी दर्जा नहीं मिलेगा। इसके लिए भी 54 का आंकड़ा चाहिए। राहुल गांधी भले ही वायनाड से बंपर वोटों से जीत गए हों लेकिन कांग्रेस के गढ़ अमेठी पर अब भगवा लहरा रहा है। स्मृति ईरानी ने राहुल को 55 हजार से ज्यादा वोटों से मात दी।
हालांकि, बैठक को लेकर कोई एजेंडा तय नहीं किया गया है, लेकिन कांग्रेसी सूत्रों का कहना है कि राहुल का इस्तीफा मंजूर नहीं किया जाएगा और पार्टी उनके नेतृत्व में ही काम करेगी। कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में पार्टी की करारी हार के कारणों की समीक्षा भी की जाएगी, जहां पार्टी ने 5 महीने पहले ही सरकार बनाई है।
कर्नाटक पर भी मंथन
कर्नाटक भी उसके लिए परेशानी का सबब है, जहां की 28 लोकसभा सीटों में से बीजेपी ने 25 सीट जीतीं। राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ रही कांग्रेस का 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में खाता तक नहीं खुला।
पार्टी लक्षद्वीप, दमन एवं दीव, चंडीगढ़, राजस्थान, दादर एवं नगर हवेली, सिक्किम, मिजोरम, दिल्ली, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, मणिपुर और नगालैंड में एक सीट भी नहीं जीत पाई। कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों ने राज्यों में हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा पहले ही राहुल गांधी को भेज दिया है।
राहुल गांधी के इस्तीफे की बात सामने आने के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने भी हार की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की पेशकश की है। यूपी के कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर जैसे नेताओं ने अचानक सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश में मिली बड़ी हार की बात को स्वीकारते हुए खुद को इसके लिए जिम्मेदार बताया।
इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
सीडब्ल्यूसी में कांग्रेस के चुनावी कैंपेन को लेकर भी चर्चा हो सकती है। माना जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी पर निजी हमले करने (चौकीदार चोर है), राफेल मुद्दे को अन्य मुद्दों से ज्यादा तूल देने, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे को सही से न भुनाने, सैम पित्रौदा और मणिशंकर अय्यर जैसे नेताओं के विवादित बयानों को भी पार्टी नजरअंदाज नहीं कर सकती।
सत्ता के गलियारों में चर्चा यह भी है कि अगर राहुल गांधी इस्तीफा देने पर अड़े रहते हैं तो कांग्रेस की कमान कौन संभालेगा। कुछ नेताओं का मानना है कि कांग्रेस का वजूद गांधी परिवार से ही है। अगर बागडोर किसी अन्य को दी जाती है तो हो सकता है कि पार्टी बिखर जाए। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि राहुल गांधी तो प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही इस्तीफा देना चाहते थे।
यह भी देखें :
शुरू हो गया नौतपा…इस साल टूट सकता है रिकॉर्ड…जानें 9 दिनों में क्यों पड़ती है भयानक गर्मी…
Add Comment