पेड़ से टकराते हुए बाराती कार खंभे से भिड़ी… 6 घायल…

कोरबा। बारात में शामिल होने के लिए जा रहे लोगों की कार ग्राम नकटीखार के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार के परखच्चे उड़ गए वहीं सवार 6 लोग चोटिल हुए हैं। बालको से जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम जैजैपुर के लिए बारात रवाना हुई थी। इस बारात में शामिल होने के लिए कार में सवार होकर आधा दर्जन लोग भी रवाना हुए।
बालको थाना अंतर्गत ग्राम नकटीखार मुख्य मार्ग से गुजरते वक्त तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराते हुए बिजली खंभे से जा भिड़ी। हादसे में जहां कार के परखच्चे उड़ गए वहीं कार में सवार रविदास, पप्पू सिदार, राजेश यादव, अशोक यादव, उसत राम, अगेश्वर कुमार को गंभीर चोटें आई है।
इनमें से दो लोग कार में ही फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना संजीवनी 108 और डॉयल 112 को दी। मौके पर एकत्र लोगों ने मशक्कत कर कार में फंसे दो लोगों को बाहर निकाला व सभी को संजीवनी की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। इस दुर्घटना में घायल अगेश्वर व राजेश यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी देखें :
चुनाव के दौरान राजनांदगांव में नक्सली वारदात…IED ब्लास्ट में ITBP का जवान घायल…