रायपुर। संघ प्रमुख के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने ट्वीट कर उनसे पांच सवाल पूछे हैं। उन्होंने ट्वीट में राज्य के अलग-अलग मुद्दों को उठाया है। बघेल ने कहा कि संघ ने राज्य सरकार को एक तरह से आईना दिखाया कि उसका काम पूर्ण रुप से ठीक नहीं है। उनकी पहुँच अंतिम व्यक्ति तक नहीं है। इससे साफ हो जाता है कि सरकार विफल है। इन्हीं मुद्दों को उठाते हुए पीसीसी चीफ ने संघ से सवाल पूछते हुए रमन सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने जो पांच सवाल पूछे है उसमें पहला है कि राज्य में सैकड़ों गायों की हत्या कर दी गई और सरकार मौन रही। कमीशनखोरी जोरों पर है। क्या संघ प्रमुख गौ हत्या पर कुछ बोलेंगे। दूसरा प्रश्न भूपेश ने पूछा है कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में चल रही सरकार खुद शराब बेच रही है। इस नीति पर संघ का क्या रुख है। तीसरा सवाल है कि प्रदेश में 27 हजार महिलाएं और युवतियां गायब है। वैसे संघ के ढांचे में महिलाओं का कोई स्थान नहीं है, तो क्या इसलिए संघ पोषित सरकार में महिलाएं असुरक्षित हैं। भूपेश ने चौथा सवाल पूछा है कि आदिवासियों पर अत्याचार हो रहा है। संघ इन अत्याचारों पर चुप क्यों है। पांचवा और अंतिम सवाल भूपेश ने पूछा है कि मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों पर भ्रष्ट्राचार के आरोप है। ऐसे में संघ चुप्पी क्यों साधे हुए हैं।
Add Comment