भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के स्वर्गीय नेता अर्जुन सिंह की पत्नी सरोज सिंह का 84 साल की उम्र में दिल्ली में बुधवार को निधन हो गया। वह कई दिनों से बीमार चल रही थीं। सरोज सिंह का अंतिम संस्कार उनके गृहनगर चुरहट में होगा।
सरोज सिंह को रात में सोते समय दिल का दौरा पड़ा। जब डॉक्टरों ने सुबह उन्हें चेक किया तो वह मृत मिलीं। उनके निधन की सूचना मिलने पर अजय सिंह दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। सरोज सिंह दो साल से अपनी बेटी वीणा के साथ नोएडा में रह रहीं थी।
2011 में हुआ था अर्जुन सिंह का निधन
अर्जुन सिंह तीन बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय मंत्री और पंजाब के राज्यपाल का भी पदभार संभाला। दिल्ली में चार मार्च, 2011 को उनका निधन हुआ था।
अर्जुन सिंह और सरोज सिंह के तीन बच्चें अजय, अभिमन्यु और वीणा सिंह हैं। अभिमन्यु व्यवसायी हैं, अजय मध्यप्रदेश में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं और वीणा सीधी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं।
शिवराज ने किया शोक व्यक्त
सरोज सिंह के निधन पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा अजय सिंह की माताजी सरोज कुमारी के निधन का समाचार प्राप्त हुआ।
मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और अजय सिंह जी समेत सभी परिजनों को इस गहन दु:ख को सहन करने की क्षमता प्रदान करें।
यह भी देखें :
Add Comment