महासमुंद। देवपुर वन परिक्षेत्र के कोसमसरा के जंगल में आग लग गई है। आग धीरे-धीरे बढ़कर सड़क के करीब आ गई है। यह क्षेत्र देवपुर परिक्षेत्र से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर है। लेकिन वन अमला द्वारा इसे बुझाने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
कक्ष क्रमांक 298, 293 कुल क्षेत्रफल 382.401 हेक्टेयर के दायरे में विकसित है। यह मिश्रित प्रजाति के जंगल के रूप में जाना जाता है। यहां वन औषधि की भरमार है तथा वन्य जीव जंतु इस क्षेत्र में स्वच्छंद विचरण करते हैं। इस परिक्षेत्र की सीमा से बारनवापारा अभयारण क्षेत्र लगा हुआ है। जिससे यह कंपार्टमेंट अत्यंत महत्वपूर्ण है।
आग लगने से बड़े पेड़ों को नुकसान नहीं हुआ है, अपितु वन औषधि, छोटी झाडिय़ां, घास आदि जलकर राख हो गए हैं। इस दिशा में अब वन्य प्राणी भी विचरण करने या अपना पेट भरने नहीं आएंगे, क्योंकि यहां वन्य प्राणियों का चारा जलकर स्वाहा हो चुका है। इसके अलावा अमूल्य वन औषधि भी जलकर समाप्त हो चुकी है।
मनसा देवी पहाड़ी पर लगी भीषण आग
बसना से बिलासपुर जाने वाले मार्ग पर ग्राम झगरेनडीह के मनसा देवी पहाड़ में अज्ञात कारणों से आग लग गई। लगभग 500 एकड़ में फैले इस पहाड़ी में लगी आग धीरे-धीरे 200 एकड़ फैल गई। मनसा देवी पहाड़ में बरसों से माता मनसा देवी का मंदिर है, जहां आसपास के ग्रामीण एवं इस मार्ग पर चलने वाले लोग प्रतिदिन पूजा पाठ करते हैं।
ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 500 एकड़ वाले इस पहाड़ में वन विभाग द्वारा बेशकीमती सागौन का प्लांटेशन किया गया है, इसकी कीमत करोड़ों में है। इस पहाड़ी के नीचे सड़क किनारे वन विभाग डिप्टी रेंजर एवं बीट गार्ड का कार्यालय है। इस कार्यालय में डिप्टी रेंजर गजकुमार ठाकुर एवं बीड गार्ड देवानंद सोनी पदस्थ हैं। दोनों कार्यालय में मौजूद नहीं थे।
यह भी देखें :
Add Comment