
रायपुर। कांग्रेस में मौजूदा कार्यकारणी बेहद कमजोर है, कार्यकर्ताओं में हताशा है, कांग्रेस ऐसा कोई वातावरण तैयार नहीं कर पायी है, जिसकी बदौलत कांग्रेस की सरकार बन सके। देवव्रत ने कांग्रेस में वापसी की अपनी तमाम संभावनाओं को ये कहकर खत्म कर दिया कि मैने जिस सिस्टम को छोड़ दिया, अब उसमे जाने का कोई औचित्य नहीं। कांग्रेस से अलग हुए पूर्व सांसद देवव्रत सिंह ने आज एक बार फिर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। देवव्रत सिंह ने दावा किया कि कोई ऐसा वातावरण नहीं है, जिसकी बदौलत छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बने। देवव्रत ने इस दौरान भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा, उन्होंने कहा कि ‘भूपेश बघेल लगातार विवादों में घिर गए है ऐसे में उन पर जनता विश्वास नहीे कर पायेगी। इस दौरान उन्होंने इशारों ही इशारों में अजीत जोगी के साथ संपर्क में रहने की बात को स्वीकार किया है। देवव्रत ने कहा कि जोगी से बात होती रहती है हमारे नेता रहे हैं। देवव्रत सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को मैं अपनी बात नहीं समझा पाया राहुल गांधी का कहना था कि सारी चीजे प्रभारी और अध्यक्ष मिलकर करें, बाकी लोगों का स्थान नहीं है। देवव्रत सिंह ने कहा कि पहले जो कांग्रेस में नारा था। जात पर, ना पात पर, मोहर लगेगी हाथ पर, वाली बात अब कांग्रेस में नहीं है।