जगदलपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी बैदूराम कश्यप ने सेमवार को नामांकन दाखिल किया। बैदूरराम इससे पहले माई दंतेश्वरी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। दंतेश्वरी का आशिर्वाद लेकर गाजे-बाजे के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं की रैली निकालकर कलेक्टोरेट पहुंच अपना नामाकन पत्र दाखिल किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम उसेण्डी, सांसद दिनेश कश्यप व पूर्व मंत्री केदार कश्यप मौजूद थे। इसके पूर्व टाउन क्लब मैदान में चुनावी सभा का आयोजन भी किया गया।
जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने चुनावी शंखनाद् करते हुए कार्यकर्ताओं की जीत का आहवान किया व देश में फिर एक बार मोदी सरकार का परचम लहराने का संकल्प दोहराया।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में प्रदेश में मौजूद वर्तमान कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महज 70 दिनों में ही इनके अकुशल प्रशासन से छत्तीसगढ़ का बुरा हाल हो गया है।
राज्य सरकार बार-बार कर्ज लेने के कगार पर पहुंच गई है, विधानसभा चुनाव में जनता से झूठे वादे का दुष्कर्म रचकर सत्ता में आने में कामयाब हुई कांग्रेस सरकार की पोल जनता के सामने खुल रही है। 23 लाख बेरोजगारों को भत्ता देने का वायदा झूठा साबित हुआ। निर्माण व विकास कार्य का सारा धन सभी विभागों से वापस मांग लिया गया है।
समूचे छत्तीसगढ़ में विकास की गति कांग्रेस राज्य सरकार की गलत नीतियों के चलते ठप हो गई है। प्रदेश में कुशासन के खिलाफ आमजन को अब आवाज बुलंद करनी है, लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमतों से विजयी बनाकर बस्तर से संसद में पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 15 सालों में नक्सली उन्मूलन के लिए हमारी सरकार ने निरंतर कार्य किया आज वैसा दबाव कांग्रेस की राज्य सरकार नहीं बना पा रही है। बढ़ती नक्सली घटनाएं इसका जीवंत उदाहरण है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बस्तर महाराजा स्व. प्रवीरचंद्र भंजदेव का स्मरण करते हुए कहा कि आज 25 मार्च को बस्तर महाराजा का शहादत दिवस है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा बस्तर राज महल में जघन्य गोलीकाण्ड की घटना को अंजाम दिया गया था जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी भाई मारे गये थे और इस गोलीकाण्ड का शिकार बस्तर महाराजा भी हुये थे।
ये घटना कांग्रेस की रीति-नीति को बताती है। डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में पूर्व सांसद स्व. बलीराम कश्यप को भी याद किया और देश में पुन: नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने कार्यकर्ताओं से आहवान किया।
प्रदेशाध्यक्ष विक्रम उसेण्डी, सांसद दिनेश कश्यप व लोकसभा प्रत्याशी बैदूराम कश्यप ने भी संबोधन किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सुभाऊ कश्यप, प्रदेश मंत्री किरण देव, विधायक भीमा मण्डावी, शरद अवस्थी, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, सुश्री लता उसेण्डी, पूर्व विधायक संतोष बाफना, श्रीनिवास राव मद्दी, शेषनारायण तिवारी, विद्याशरण तिवारी, श्रीमती जवीता मण्डावी, लच्छूराम कश्यप, मनोज देव, योगेन्द्र पाण्डेय, संजय पाण्डेय, रूपसिंह मण्डावी, रामाश्रय सिंह, राजेन्द्र बाजपेयी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
यह भी देखें :
Add Comment