रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए बिसातें बिछ चुकी हैं। प्रत्याशियों के चयन में भाजपा से आगे रही कांग्रेस ने दुर्ग और कोरबा सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है। वहीं भाजपा ने सभी 11 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए हैं।
अभी तक घोषित सीटों का आंकलन करें तो यहां कई सीटों पर मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। इसमें कांकेर सीट पर पूर्व किराएदार और मकान मालिक आमने-सामने होंगे तो रायपुर सीट पर मुकाबला पूर्व महापौर और वर्तमान महापौर के बीच होगा।
सबसे पहले कांकेर सीट की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी ने यहां से मोहन मंडावी को लोकसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने बीरेश ठाकुर को उतारा है। लेकिन ये महज एक संयोग ही कहा जाए कि कांग्रेस के उम्मीदवार बीरेश ठाकुर कांकेर के गोविंदपुर में मोहन मंडावी के घर में कई वर्षों से किराएदार के रूप में रहें है। बीरेश ठाकुर मूलतः ग्राम कोरर के रहने वाले है।
ठीक इसी तरह भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी भी रायपुर के महापौर रह चुके हैं। उनका मुकाबला इस लोकसभा चुनाव में वर्तमान महापौर प्रमोद दुबे से होगा। यहां भाजपा ने सात बार के सांसद रहे रमेश बैस का टिकिट काटकर सुनील सोनी को उम्मीदवार बनाया है। जाहिर है, दोनों महापौर से रायपुर की जनता अच्छी तरह परिचित है।
छत्तीसगढ़ में तीसरा सबसे दिलचस्प मुकाबला दुर्ग लोकसभा सीट पर होने जा रहा है। यहां छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भतीजे विजय बघेल को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इससे पहले भी विजय बघेल ने एक बार भूपेश बघेल को विधानसभा चुनाव में पटखनी दी थी।
अब लोकसभा में इस सीट पर मुकाबला बड़ा रोचक हो सकता है, लेकिन अभी तक कांग्रेस यहां से प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है। जो चर्चा चल रही है उसके मुताबिक यहां से महिला प्रत्याशी को मैदान मे उतरा जा सकता है। इस सीट पर जातिगत समीकरण भी मायने रखता है। हो सकता है पार्टी साहू समाज के किसी को टिकट दे।
यह भी देखें :
VIDEO: अजीत जोगी ने कहा…कोरबा से चुनाव लडऩा उनका अंतिम फैसला…बसपा से गठबंधन था, है और रहेगा….
Add Comment