नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, कांग्रेस पार्टी के पूर्व महासचिव और वरिष्ठ पार्टी नेता दिग्विजय सिंह भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही है।
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह के लोकसभा चुनाव लडऩे को लेकर प्रदेश की राजनीति काफी गरम है। कुछ दिनों पहले ही प्रदेश के मुखिया कमलनाथ और दिग्गी राजा के बीच सीट और चुनाव को लेकर सार्वजनिक चर्चाओं का दौर भी चला था। ऐसी चर्चा भी हुई थी कि दिग्विजय को इंदौर से चुनाव में उतारा जा सकता है।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हाल ही में दिग्विजय सिंह से किसी मुश्किल सीट से चुनाव लडऩे की अपील की थी। इस पर दिग्विजय ने कहा था कि राहुल गांधी जहां से भी कहेंगे वहां से चुनाव लडऩे को तैयार हैं। कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए है। जल्द ही इन नामों की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
भोपाल लोकसभा क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माना जाता है। 1984 के बाद से कांग्रेस यहां नहीं जीती है। कांग्रेस के दिग्गज नेता सुरेश पचौरी, केएन प्रधान और नवाब मंसूर अली खान पटौदी को भी यहां हार का सामना करना पड़ा है। भोपाल की सीट से अभी भाजपा नेता आलोक संजर सांसद हैं। संजर सांसद बनने से पहले भोपाल नगर निगम में पार्षद थे।
एक दशक तक रहे थे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री
दिग्विजय सिंह दो बार राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे हैं। वह 1984 में पहली बार सांसद बने थे, लेकिन 1989 में भाजपा के सीनियर लीडर और संघ प्रचारक प्यारेलाल खंडेलवाल से चुनाव हार गए थे। 1991 में बहुत कम अंतर से फिर लोकसभा चुनाव जीत गए थे। 1993 से 2003 तक वो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे। राघौगढ़ विधानसभा सीट से वो विधायक रहे हैं और अब उनके पुत्र जयवर्धन सिंह इस सीट से विधायक और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य हैं।
यह भी देखें :
Add Comment