रायपुर। भाजपा प्रदेश चुनाव समिति ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का नाम किसी भी लोकसभा सीट से प्रत्याशियों के पैनल में शामिल नहीं किया है। वहीं प्रदेश के सभी सांसदों का नाम प्राथमिकता क्रम में सबसे ऊपर रखा गया है। हर लोकसभा सीट से कई दावेदार हैं।
सूची को देखकर ऐसा लगता है कि इस बार भाजपा कई सीटों पर नए लोगों को मौका दे सकती हैं। इनमें कई ऐसे नाम भी हो सकते हैं जिन्होंने विधानसभा चुनाव भी लड़ा है। रायपुर से विधायक बृजमोहन अग्रवाल, बिलासपुर से अमर अग्रवाल, एमएलए टिकट से वंचित रमशीला साहूू, कम मार्जिंन से हारने वाले केदार कश्यप आदि का नाम शामिल है।
दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 18 मार्च को होनी है। इसमें हर लोकसभा सीट के पैनल पर भेजे गए नामों पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि भाजपा इस बैठक के बाद उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर देगी।
प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बताया कि प्रदेश चुनाव समिति को जितने भी नाम मिले थे सभी नामों के केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा। पैनल में किसी भी सीट के लिए उनका नाम नहीं है। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक नाम जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र से मिले हैं।
छत्तीसगढ़ के सभी 11 सीटों से दावेदारों की सूची
रायपुर-रमेश बैस, बृहमोहन अग्रवाल, मोतीलाल साहू, लक्ष्मी वर्मा, सुनील सोनी, संजय श्रीवास्तव।
राजनांदगांव– अभिषेक सिंह, मधुसूदन यादव, शोभा सोनी।
कांकेर– विक्रम उसेंडी, सुमित्रा मारकोल, देवलाल दुग्गा, मोहन मंडावी।
बस्तर– दिनेश कश्यप, महेश गगडा, केदार कश्यप, बेदूराम कश्यप।
कोरबा – डॉ. बंशीलाल महतो, भैयाराज राजवाडे, ननकीराम कंवर, योगेश लांबा, कृष्ण कुमार चंद्रा।
रायगढ़– विष्णुदेव साय, सुषमा खालको, जवाहर नायक।
जांजगीर-चांपा– कमला देवी पाटले, कमला जांगड़े, र्मिल स्हिा, मोतीलाल डहरिया, कमलेश जांगड़े, प्रियदर्शिनी दिव्य।
बिलासपुर– लखनलाल साहू, अमर अग्रवाल, भूपेन्द्र सवन्नी, दीपक साहू।
सरगुजा– कमलभान सिंह मरावी, प्रबोध मिंज, रेणुका सिंह, रामलखन पैकरा, फूलेश्वरी सिंह।
दुर्ग– प्रेमप्रकाश पाण्डेय, रमशीला साहू, विजय बघेल, माया बेलचंदन, प्रीतपाल बेलचंदन।
महासमुंद– चंदूलाल साहू, इंदर चोपड़ा।
प्रदेश प्रभारी ने की वन-टू-वन बात
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक के बाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. जैन ने पदाधिकारियों के साथ वन टू वन चर्चा भी की। इस दौरान करीब 15 से 20 लोगों ने उनसे मुलाकात कर अपनी बात रखी। बताया जाता है कि इस दौरान कुछ नेताओं ने खुलकर अपनी दावेदारी पेश की। वहीं डॉ.जैन ने संभावित दावेदारों के संबंध में फीडबैक और इसका रिपोर्ट कार्ड भी लिया।
यह भी देखें :
Add Comment