स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश… गर्मी के बढ़ने के संभावना को देखते हुए 15 अप्रैल से बच्चों का स्कूल आना होगा ऐच्छिक…

ट्विनसिटी में लगातार गर्मी बढ़ रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दोनों तापमान सामान्य से एक-एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा आने वाले दिनों में गर्मी के बढ़ने के संभावना को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने कक्षा पहली से 8वीं तक के बच्चों के लिए नया आदेश जारी किया है। इसके अनुसार 15 अप्रैल से बच्चों का स्कूल आना ऐच्छिक होगा। हालांकि उनके पालक या अभिभावक चाहेंगे तो वह अपने बच्चों को स्कूल भेज सकेंगे।
इस दौरान शिक्षकों का स्कूल जाना अनिवार्य होगा। इस बार स्कूल शिक्षा सत्र 30 अप्रैल तक है। साथ ही 1 से 15 मई तक भी स्कूल लगाने का आदेश है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत 1ली से 8वीं तक के बच्चों को अगली कक्षा में प्रमोट किया जाना है। इसमें किसी भी बच्चे को असफल घोषित नहीं किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के मुताबिक बढ़ती गर्मी पर नजर रखी जा रही है। तापमान में बढ़ोत्तरी होने की दशा में निर्धारित समय से पहले भी स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है। इसे लेकर शासन से मार्गदर्शन मांगने की तैयारी भी की गई है।
हवाओं के प्रभाव से 3 दिन से दोपहर में छा रहे बादल
इन दिनों उत्तर से थोड़ी ठंडी आ रही है और दक्षिण से आने वाली हल्की गर्म हवा थोड़ी नमी लेकर आ रही है। परिणामस्वरूप दोपहर बाद तीन दिन से हल्के बादल छाए रहते हैं, जो देर शाम उड़ भी जाते हैं। गुरुवार को आसमान में बादलों की उपस्थिति 10 फीसदी रही।
इस दौरान हवा की औसत गति 5 किलोमीटर प्रति घंटे रही। रायपुर मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक हरिप्रसाद चंद्रा ने बताया कि इसका अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना कम है। आगामी 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा।
निजी और सरकारी सभी स्कूल हो रहे संचालित
कोरोना संक्रमण कम होने के बाद राज्य शासन ने निजी और सरकारी दोनों स्कूलों को खोलने का आदेश जारी कर दिया है। इसके बाद सभी स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया भी जारी है। साथ ही कोर्स की पढ़ाई भी शुरू कर दी गई है। सभी जगहों पर ऑफलाइन मोड पर पढ़ाई जारी है।
इस बीच बढ़ती गर्मी को देखते हुए लगातार पालकों द्वारा शिकायत की जा रही है। इसे देखते हुए शिक्षा विभाग ने पहली से आठवीं तक के बच्चों के लिए स्कूल में उपस्थिति को 15 अप्रैल के बाच एच्छिक कर दिया है। बच्चे यदि चाहे तो स्कूल जा सकते हैं। इसके लिए पालकों से सहमति भी लिए जाने की तैयारी की गई है।
विभाग की रिपोर्ट: मार्च में रात का पारा औसत से 1.6 डिग्री और दिन तापमान 1.5 डिग्री अधिक रहा
मौसम विभाग ने दुर्ग जिले के मार्च महीने की रिपोर्ट जारी की है। इसके अनुसार आमतौर पर मार्च में 5.6 मिमी सामान्यत: बारिश होती है, लेकिन इस बार पानी नहीं गिरा। इसी तरह न्यूनतम तापमान का औसत 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
7 मार्च को सबसे कम न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 26 मार्च को 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह अधिकतम तापमान का औसत 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। मार्च में सबसे कम अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस 5 मार्च को और सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री 31 मार्च को रहा।