
रायपुर। मौसम सर्द बना हुआ है और न्यूनतम, अधिकतम तापमान दोनों में गिरावट आ रही है। बीते 48 घंटे में आई यह गिरावट आने वाले 72 घंटे तक जारी रहेगी। अगले 48 घंटे के भीतर प्रदेश का मौसम फिर से बदलने वाला है।
राजस्थान के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना है, जो काफी सक्रिय है। इसके चलते दक्षिण छत्तीसगढ़ के आखिरी छोर के क्षेत्र में बारिश होगी। इसके अगले दिन यानी रविवार को समूचे प्रदेश में पारा गिरेगा।
शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री। अधिकतम तापमान चार डिग्री, न्यूनतम तापमान एक डिग्री सामान्य से कम रहा। तापमान घटने की वजह बादल हैं, जो दिन भर छाए रहे।
शनिवार को भी बादलों का डेरा होगा। इसके अलावा पेंड्रा में न्यूनतम तापमान सीधे छह डिग्री गिर गया। अंबिकापुर भी 10 डिग्री पर पहुंच गया है तो वहीं प्रदेश के सभी शहरों का पारा 17 डिग्री के अंदर आ गया है।
केंद्रीय मौसम विज्ञान विभाग ने 2019 में गर्मी का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग की मानें तो इस साल गर्मी छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश यानी मध्य-भारत में सामान्य रहने वाली है, जबकि आंध्रप्रदेश और नीचे के राज्यों में तापमान काफी अधिक रहेगा।
42 डिग्री तक गया है मार्च में पारा- मौसम वैज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश का पारा मार्च में 42 डिग्री को छुआ है। साल 2017 में अच्छी गर्मी पड़ी थी, इसलिए पारा 42 डिग्री पहुंचा था। 2018 में हल्की बारिश और मौसम में लगातार हुए बदलाव के चलते तापमान 40 डिग्री चढ़ पाया था। 2019 में तापमान के 40 डिग्री के करीब रहने का पूर्वानुमान है।
यह भी देखें :
10 वीं पास युवाओं के लिए भारतीय सेना में निकली भर्ती…जल्द करें आवेदन…