कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा मेें न्यायालय से घर लौट रही महिला वकील को कोयला ट्रांसपोर्ट कर रहे हाईवा ने अपनी चपेट में ले लिया। महिला वकील की मौके पर ही मौत हो गई। महिला वकील मूलत: उरगा थाना क्षेत्र के तुमान गांव की निवासी है। हादसा के बाद नाराज वकीलों ने चक्काजाम कर दिया।
बुधवारी बाजार के व्यापारी भी समर्थन में उतर आये और इस मार्ग पर नो एंट्री लगाने की मांग करने लगे। जानकारी के अनुसार घटना बुधवार की शाम तीन बजे की है। महिला वकील सुनीता साहू न्यायालय से स्कूटी से घर वापस लौट रही थी। बुधवारी बाजार चौक रेल्वे क्रासिंग के पास सामने से आ रहे कोयला लदे हाईवा ने सुनीता साहू की स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। तेज रफ्तार हाईवा के चक्के में फंसकर महिला वकील करीब बीस फीट तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हाईवा चालक इस हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृत महिला वकील की पहचान उसके परिचय पत्र से हुई। दुर्घटना की सूचना तुरन्त कोर्ट में वकीलों क ो दी गई। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में बार एसोसियेशन कोरबा के पदाधिकारी और वकील मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दुर्घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए बुधवारी चौक में चक्काजाम कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। वकीलों के साथ ही बुधवारी बाजार के व्यापारी भी धरना-प्रदर्शन में शामिल हो गए। वे इस मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग करने लगे।
वकीलों और व्यापारियों का कहना है कि कुसमुण्डा से दर्री होते हुए चाम्पा मार्ग पर जाने के लिए बाईपास रोड बना हुआ है लेकिन मामूली आर्थिक फायदे के लिए परिवहनकर्ता शहर के व्यस्त मार्ग से कोयला परिवहन करते है और जिला प्रशासन और पुलिस विभाग मूक दर्शक बना हुआ है। वकीलों और व्यापारियों ने शहर में भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने और कुसमुण्डा, दर्री, बालको, उरगा बाईपास मार्ग से इनका संचालन करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि आज दुर्घटना स्थल बुधवारी में साप्ताहिक बाजार लगा हुआ है। इसी वजह से इस क्षेत्र में काफी भीड़ है। बावजूद इसके इस मार्ग से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक के लिए रोज की तरह भारी वाहनों का आवागमन जारी रखा गया। याद रहे कि इस मार्ग पर सुबह 8 से 12 बजे और शाम 4 से 10 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहता है। इस समय में भी जब यहां नो एंट्री लगी रहती है यातायात का इस मार्ग पर भारी दबाव रहता है।
यह भी देखें :
Add Comment