रायपुर। लोकसभा चुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी है। कांग्रेस की ओर से दावेदारों की वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात तेज हो गई है तो वहीं 15 वर्षों तक राज्य की सत्ता में काबिज रहने वाले भाजपा में अभी भी एकजुटता दिखाई नहीं दे रही है।
लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी तैयारियां अब जोर पकडऩे लगी है। राज्य में संपन्न हुए विधाानसभा चुनाव में शानदार और ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस संगठन ने भी लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पीएल पुनिया पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और लगातार बैठक लेकर संगठन के पदाधिकारियों को एकजुट बनाए हुए हैं।
इधर दूसरी ओर विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए जी-जान से जुटे और जीत के बाद भी संगठन में लगातार सक्रिय बने रहने वाले कांग्रेस के नेताओं ने अब लोकसभा सीट के लिए अपनी-अपनी दावेदारी प्रस्तुत करनी शुरू कर दी है।
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
बताया जाता है कि वर्तमान में कांग्रेस की ओर से रायपुर लोकसभा सीट के लिए प्रमोद दुबे, राजेंद्र तिवारी, प्रमोद वर्मा, किरणमयी नायक, शारदा वर्मा, शैलेष वर्मा की दावेदारी आ चुकी है। इन सभी लोगों की कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा जारी है। दूसरी ओर भाजपा में अभी भी एकजुटता नजर नहीं आ रही है।
भाजपा संगठन में मची खींचतान के बाद सभी नेताओं के सुर बिल्कुल अलग-अलग हो गए हैं। विधानसभा चुनाव में करारी हार की समीक्षा के दौरान ही भाजपा में यह आक्रोश फूटा था। एक-दो नेताओं ने जब अपनी नाराजगी जाहिर की तो संगठन और सत्ता में शामिल रहने लोगों की भी नाराजगी सामने आई।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने भी अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर करनी शुरू कर दी थी। यह क्रम अभी बना हुआ है। लिहाजा यह कहना गलत नहीं होगा कि लोकसभा चुनाव की तैयारी के मामले में कांग्रेस काफी आगे निकल गई है तो वहीं भाजपा में अभी भी एकजुटता दिखाई नहीं दे रही है।
यह भी देखें : अंतागढ़ टेप कांड: मास्टरमाइंड फिरोज सिद्दीकी SP ऑफिस तलब…आज होगी पूछताछ…
Add Comment