विधायक शैलेश पांडेय का बागी रुख कांग्रेस की गुटबाजी का जीता-जागता नमूना: भाजपा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत दी है कि वे भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन-निष्ठा और कर्मठता का प्रमाण पत्र देने के बजाय अपने दल के कार्यकर्ताओं और निर्वाचित विधायकों के अंतर्मन की पीड़ा को सहलाएं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व विधायक शिवरतन शर्मा ने गुरुवार को जारी एक वक्तव्य में कहा कि भाजपा कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारियों व विधायक दल की बैठकों में कार्यकर्ताओं को हार के लिए जिम्मेदार बताने की कपोल-कल्पना करके कांग्रेस नेता जिस तरह का प्रलाप कर रहे हैं, वह नितांत बेमानी और हास्यास्पद है।
छल-प्रपंच और झूठ के सहारे प्रदेश को गुमराह करने वाले कांग्रेसी चाहकर भी झूठ का सहारा लेकर भाजपा के संगठन-समर्पित कार्यकर्ताओं को अपने लक्ष्य से डिगा नहीं सकेंगे। इसलिए कांग्रेसी कपोल-कल्पनाओं के लोक से बाहर निकलें।
प्रवक्ता-विधायक श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बजाय कांग्रेस के नेता अपनी पार्टी की सच्चाई का सामना करें, जहां उनके अपने ही निर्वाचित विधायक को अपने ही जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस के मौके पर ध्वजारोहण का अवसर तक नहीं मिल रहा है। इस मामले में बिलासपुर के कांग्रेस विधायक शैलेश पांडेय का बागी रुख कांग्रेस की गुटबाजी का जीता-जागता नमूना है।
कई और विधायक तथा कांग्रेस कार्यकर्ता भी एक-डेढ़ महीने में ही उपेक्षा का दर्द लिए घूमने को विवश हो रहे हैं जबकि कुछ कांग्रेस विधायकों को लोकसभा चुनाव लड़ाकर किनारे लगाने का फार्मूला तैयार किया गया है ताकि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपना ‘वन मैन शो‘ चला सकें और ‘जी-हुजूरी‘ का उनका दरबार सजा रहे। जो कांग्रेस नेता अपने विधायकों और कार्यकर्ताओं का सम्मान करना नहीं जानते, वे भाजपा कार्यकर्ताओं को बरगलाते हुए शोभा नहीं देते।
श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा की बैठक में हुई चर्चा को तोड़-मरोड़कर प्रचारित किया जा रहा है लेकिन ऐसे दुष्प्रचार के अभियान में लगे कांग्रेसियों को भाजपा कार्यकर्ता फिर करारा जवाब देने के लिए प्रतिबध्द और तत्पर हैं और लोकसभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस को आईना देखा देंगे।
यह भी देखें : भूपेश बघेल के एक महीने का कार्यकाल निराशाजनक- कौशिक