छत्तीसगढ़सियासत

मोदी सरकार द्वारा दुर्भावना व बदले की नीयत से किए जा रहे कार्य का कांग्रेस देगी जवाब…2019 लोकसभा चुनाव में भी भाजपा का पूरे देश से होगा सूपड़ा साफ…जींद उपचुनाव को प्रभावित करने पूर्व मुख्यमंत्री भूपिन्दर सिंह हुड्डा के घर पर सीबीआई का छापा-शैलेष नितिन त्रिवेदी

रायपुर। नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर भारत के प्रजातंत्र को निरंतर चोट पहुंचाने का आरोप लगाते हुये प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि भाजपा इस गलतफहमी में ना रहे कि कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस का नेतृत्व इस तरीके की हरकतों से और एजेंसीज के दुरुपयोग से बौखलायेगा।

मोदी सरकार द्वारा दुर्भावना बदले की नीयत से किए जा रहे जो कार्य हैं उनका कांग्रेस मजबूती से जवाब देगी। छत्तीसगढ़ में बदले की राजनीति राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति भाजपा की सरकार ने की और उसका हश्र यह हुआ कि मिशन 65 प्लस की बात करने वाले आज 15 सीटों पर सिमट कर रह गए।

लोकसभा के लिए होने वाले आम चुनाव में भी भाजपा का पूरे देश में यही हाल होने वाला है जो छत्तीसगढ़ में हुआ है। इसमें कोई शक नहीं कि पिछले पांच साल में भाजपा के नेतृत्व वाली मोदी सरकार ने देश की हर लोकतांत्रिक संस्था को बड़ा धक्का पहुंचाया है और लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला बोला।



मई 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भी भाजपा का छत्तीसगढ़ और पूरे देश में सूपड़ा साफ होना तय है और इसी बौखलाहट में भाजपा सरकार लगातार निम्न स्तरीय आचरण कर रही है। वहीं जींद उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिन्दर सिंह हुड्डा को इस रैली को संबोधित करने से रोकने के लिए उनके घर पर सीबीआई के छापे डाले गए।

मोदी सरकार लगातार सीबीआई और आईबी को अपने विरोधियों के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। छापे मारे गए और जानबूझकर उस दिन मारे गए जिस दिन उपचुनाव के लिए प्रचार समाप्त होना था। उन्होंने कहा सीबीआई का उपयोग राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जाना बेहद आपत्तिजनक है।



मोदी सरकार बताएं कि वह क्या कारण था? कौन सी ऐसी नई बात सामने आई है? आज प्रचार के अंतिम दिन सीबीआई द्वारा क्यों छापे डाले गए? सरकार लगातार सीबीआई को विवादास्पद बनाने में और सीबीआई का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों से करने में लगी हुई है।

राजनीतिक विरोधियों को बदनाम करने, अपमानित करने और परेशान करने के लिए सीबीआई का इस्तेमाल गलत, आपत्तिजनक और अलोकतांत्रिक कार्यवाही हैं। वहीं सीबीआई के अगले डायरेक्टर की नियुक्ति भी विवाद में है।

सुप्रीम कोर्ट के एक के बाद एक जज, वर्तमान अंतरिम डायरेक्टर का अदालत के सामने जो मामला है, उससे अपना पल्ला झाड़ रहे हैं, उससे अलग हट रहे हैं। मोदी सरकार की नीयत और सोच खराब है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं मोदी सरकार की ऐसी कोशिशें बढ़ती जा रही है।

यह भी देखें : VIDEO: NSUI के कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री…जल्द हो सकते है छात्र संघ चुनाव…बघेल ने दिए संकेत…वापस होंगे दर्ज राजनितिक मामले 

Back to top button
close