ठंड : कई कलेक्टरों ने स्कूलों का समय बदला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह से पड़ रही कड़ाके की ठंड के चलते स्कूल की टाइमिंग में थोड़ा बदलाव किया गया है। दो अलग-अलग जिलों के कलेक्टरों ने अपने अपने जिलों के स्कूल की टाइमिंग में बदलाव किया है।
बिलासपुर कलेक्टर पी दयानंद ने आज शाम आदेश जारी कर 31 जनवरी तक स्कूल के समय में बदलाव किया है। कलेक्टर के आदेश के बाद अब बिलासपुर जिले के स्कूलों की कक्षाएं नए समय पर लगेगी। अब दो पाली वाली स्कूल में पहली पाली की कक्षा सुबह 8.30 से दोपहर 12.30 तक लगेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 12.45 से शाम के 5.00 बजे तक लगेगी। वहीं एक पाली वाली कक्षाएं अब नए आदेश के बाद सुबह 9.30 बजे से शाम के 4.30 बजे तक लगा करेगी।
वहीं सूरजपुर जिले में भी कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूल का समय बदल गया है। पहले दो पालियों में स्कूल सुबह के 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 12 बजे से शाम 4.30 बजे तक लगता था, अब उनमे बदलाव किया गया है। नए आदेश के मुताबिक अब सुबह 8 से दोपहर 12 तक पहली पाली और दोपहर 12 से शाम के 4 बजे तक दूसरी पाली लगेगी।