आदिवासी नेता को मिल सकती है कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी…सीतापुर विधायक अमरजीत भगत दौड़ में आगे…

रायपुर। भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बन जाने के बाद कांग्रेस अब नये प्रदेश अध्यक्ष चुनने की तैयारी में है। पार्टी किसी आदिवासी नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप सकती है। इसके लिए सीतापुर विधायक और आदिवासी नेता अमरजीत भगत का नाम सबसे आगे है।
पिछले पांच साल से प्रदेश अध्यत्र की कमान भूपेश बघेल के पास थी। अब भूपेश बघेल के सीएम बन जाने से पार्टी को नये प्रदेश अध्यक्ष की जरूरत महसूस हुई है। पिछले दिनों राजीव भवन में कांग्रेस की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कहा था अब कोई अन्य साथी यह जिम्मेदारी संभाले। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व को भी अपनी मंशा बता दी थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस किसी आदिवासी नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दे सकती है। कहा जा रहा है कि सीतापुर विधायक और आदिवासी नेता अमरजीत भगत को अध्यक्ष का पद मिल सकता है। पिछले सप्ताह राजधानी के सर्किट हाउस में आदिवासी कांग्रेस की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी इसकी ओर इशारा किया था। प्रदेश कांग्रेस के लगभग सभी वरिष्ठ नेता भगत के नाम पर सहमत भी हैं।
मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने से भगत नाराज हो गए थे और अपने क्षेत्र में जाने से ही इनकार कर दिया था। उनको प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने का भरोसा मिलने के बाद 2 दिन पहले वे सीतापुर लौटे थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली दौरे पर हैं। आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले हैं। उस दौरान भगत को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की बात पर चर्चा होगी। राहुल गांधी की मंजूरी मिल जाती है तो जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो जाएगी।
यह भी देखें : जानिए किन राशियों के लिए शुभ रहेगा आज का दिन