बेंगलुरु। कर्नाटक की एचडी कुमारस्वामी सरकार को समर्थन दे रहे दो निर्दलीय विधायकों ने अपना समर्थन वापस ले लिया है। उन्होंने समर्थन वापसी की चिट्ठी राज्यपाल को भी भेज दी है। ऐसे में कर्नाटक की कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार पर संकट के बादल मंडराने लगे है।
एक ओर जैसे ही निर्दलीय विधायकों ने समर्थन वापसी की चिट्ठी लिखी, तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रामनाथ शिंदे का कहना है कि अगले दो दिनों में कर्नाटक में बीजेपी की सरकार बन सकती है। बीजेपी के सभी 104 विधायक पिछले तीन दिनों से दिल्ली में हैं।
यहां पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की अगुवाई में विधायक पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से मिलने आए थे, लेकिन वे तीन दिनों से दिल्ली में ही जमे हुए है। भाजपा में लगातार बैठकों का दौर जारी है। वहीं कांग्रेस का दावा है कि उनके सभी विधायक एकजुट हैं और सरकार को कोई संकट नहीं है।
क्या है विधानसभा का समीकरण?
कर्नाटक में बीते साल अप्रैल-मई में चुनाव हुए थे, जिनमें भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। 225 विधानसभा सीटों वाले कर्नाटक में बीजेपी के पास 104 विधायक हैं। बीजेपी ने सरकार भी बनाई थी, लेकिन बहुमत साबित नहीं कर पाने पर सरकार गिर गई। इसके बाद कांग्रेस-जेडीएस ने गठबंधन करके सरकार बनाने का दावा पेश किया और सत्ता पर काबिज हुई।
कुल साटें-225
भारतीय जनता पार्टी-104
कांग्रेस-80
जेडीएस-37
बसपा-1
अन्य-1
केपीजेपी-1
मनोनीत-1
Add Comment