छत्तीसगढ़

मौसम का मिजाज फिर बदला…आसमान में छाए रहे हल्के बादल…ठंड का असर किया कम…

रायपुर। आज राजधानी में मौसम का मिजाज बदला रहा। आसमान में हल्के बादल छाए रहे। बदली की वजह से ठंड में काफी हद तक कमी महसूस की गई। हवा की दिशा में बदलाव और सिस्टम के असर से आगामी चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट के अनुसार कल उत्तरी अंदरुनी कनार्टका से लेकर मध्य महाराष्ट्र होते हुए राजस्थान तक बना सिस्टम आज कमजोर हो गया है। यह सिस्टम समुद्र सतह से यह 0.9 किमी की ऊंचाई पर बना हुआ था। इसके असर से प्रदेश में भारी मात्रा में नमीयुक्त हवा आ गई थी।

वातावरण में व्याप्त नमी और स्थानीय प्रभाव के चलते आज सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में आसमान में हल्के बादल छा गए हैं। आसमान में बादल छाने की वजह से ठंड का असर काफी हद तक कम हो गया है।



दिन के साथ ही रात में भी अब ठंड कम होने लगी है। इधर राज्य में हवा की दिशा में भी धीरे-धीरे बदलाव दर्ज किया जा रहा है। उत्तर की सर्द हवा का असर अब कम होने लगा है, वहीं पूर्वी हवा का असर अब धीरे-धीरे बढऩे लगा है। इसके चलते तापमान में भी निरंतर बदलाव दर्ज किया जा रहा है।

राजधानी रायपुर में ठंड काफी हद तक कम हो गया है तो वहीं उत्तरी हिस्सों में भी अब ठंड उखडऩे लगी है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अब धीरे-धीरे ठंड कम होती जाएगी और शुष्कता बढ़ती जाएगी। इधर आज मकर संक्राति के साथ ही अब तापमान में क्रमश: वृद्धि होती जाएगी और मार्च माह तक ठंड पूरी तरह से कम हो जाएगी।

आज सुबह राजधानी रायपुर में 16.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है। इसी तरह अंबिकापुर में 11.4, बिलासपुर में 15.4, पेण्ड्रारोड में 12.5 तथा जगदलपुर में 12.0 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है।

यह भी देखें : रायपुर : मानसिक रोगी युवती ने डॉक्टर पर लगाया रेप का आरोप 

Back to top button
close