क्राइमछत्तीसगढ़

धमतरी : ग्रामीण कृषि साख समिति अध्यक्ष की गला रेतकर हत्या

मगरलोड/धमतरी। ब्लॉक मुख्यालय मगरलोड से 8 किलोमीटर दूर ग्राम बेलोरा में बुधवार की शाम ग्रामीण कृषि साख समिति मोहंदी के अध्यक्ष की गला रेतकर हत्या कर दी। सप्ताहभर के भीतर दूसरी हत्या होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी में एक नाबालिग भी शामिल है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बेलोरा निवासी राजेन्द्र सेन ग्रामीण कृषि साख समिति मोहंदी में अध्यक्ष पद पर था। वह कल सोसायटी से वापस घर लौटा था। तभी लगभग शाम 7 बजे उनके घर के सामने कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गाली-गलौज की जा रही थी।

जिस पर उन्होंने मना किया। मना करने की बात को लेकर चोवाराम ध्रुव, लक्ष्मण ध्रुव, भीम निषाद और एक नाबालिग युवक तैश में आ गए और अपने पास रखे चाकू से राजेन्द्र सेन के गले पर वार कर दिया। खून से लथपथ राजेन्द्र सेन को गंभीर अवस्था में मगरलोड स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इस घटना की जानकारी मृतक राजेन्द्र सेन के भाई देवकरण सेन को हुई तो उन्होंने थाना जाकर इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर तत्काल रिपोर्ट पंजीबद्ध कर उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया।

पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी कुरूद के दिशा निर्देश पर आरोपियों को पकडऩे टीम गठित की गई। वहीं आरोपी अपने-अपने घर में छिपे हुए थे। टीम ने आरोपियों को उसके घर से गिरफ्तार किया।

आरोपियों के खिलाफ धारा 302 और 34 के तहत कार्यवाही की जाएगी। मृतक के भाई देवकरण सेन पिता कृपाराम सेन ने बताया कि भाई राजेन्द्र सेन की हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई है। उन्होंने बताया कि ग्राम बेलोरा के ये युवक महुआ शराब बनाकर गुप्त रूप से बेचते थे।

इससे गांव का माहौल खराब हो रहा था। भाई राजेन्द्र ने इन युवकों को इस तरह की घृणित कार्य करने से मना किया था। यह बात उन लोगों को नागवार गुजरी। रंजिशवश युवकों ने उनके भाई की हत्या कर दी।

यह भी देखें : Instagram से दोस्ती…शादी का वादा कर लिव-इन में रहने लगी युवती…फिर हुआ ये खुलासा…. 

Back to top button
close