कोंडागांव। पूर्ण बहुमत के साथ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बन चुकी है। सरकार बनाने के बाद प्रदेश के नए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहली बार 2 जनवरी को कोंडागांव जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं। यहां स्थानीय स्टेडियम मैदान से आम सभा को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि, इस आमसभा को सुनने जिले भर के 30 हजार से अधिक आम जनता उपस्थित होगी, जिसमें किसानों की संख्या अधिक होने की संभावना है। क्योंकि उन्होंने सरकार बनाने के साथ ही किसानों को कर्ज माफी और धान का समर्थन मूल्य 2500 रुपए दे दिया है। स्वागत की तैयारियों को लेकर कांग्रेस जिला कांग्रेस कमेटी और जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है।
लगभग 24 घंटे पूर्व स्टेडियम मैदान की स्थिति पर गौर फरमाएं तो यहां तमाम तरह की व्यवस्थाएं व तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। जानकारी अनुसार, छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का 2 जनवरी की दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कॉलेज ग्राउंड मैदान में लैंड करेगा। यहां से कार्यकर्ता उनकी स्वागत मोटरसाइकिल रैली निकाल कर करेंगे, जो स्टेडियम ग्राउंड तक पहुंचेंगी। वहीं मोटरसाइकिल रैली के साथ ही स्थानीय नृत्य दल पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ उनका स्वागत करते चलेंगे।
ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री खुली वाहन में सवार होकर कोण्डागांव की सड़क में जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। दोपहर लगभग 1 बजे स्टेडियम ग्राउंड से उनकी आम सभा का शुरुआत होगा, जहां वे आम सभा को संबोधित करेंगे। कमेटी के जिलाध्यक्ष रवि घोष ने कहा कि, पहली बार छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी है, इसको लेकर के कांग्रेसियों में भारी उत्साह है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मां दंतेश्वरी का दर्शन करने के बाद 2 जनवरी को कोंडागांव पहुंचेंगे।
इसके चलते उनका जोर शोर के साथ स्वागत किया जाएगा, साथ ही उनके समक्ष कोंडागांव की समस्याएं जैसे नजूल भूमि, अस्पताल में सुविधाएं आदि भी रखा जाएगा। इसी तरह कोण्डागांव कलेक्टर नीलकंठ टीकाम ने बताया कि, कोण्डागांव के किसानों का 135 करोड़ रुपए का कर्ज माफी और 2500 रुपए में किसानों से समर्थन मूल्य में धान खरीदी करना है ही अपने आप में सरकार की ओर से बड़ी सौगात है।
Add Comment