
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज 9 मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही मुख्यमंत्री को मिलाकर कुल 12 मंत्री बनाए जा चुके हैं। इनमें भी यदि छत्तीसगढ़ के पांचों संभाग की बात करें तो सबसे ज्यादा दुर्ग संभाग से मंत्री बनाए गए हैं। खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन विधानसभा सीट से हैं, जो दुर्ग संभाग में आता है।
इसके अलावा 5 मंत्री इसी संभाग से बनाए गए हैं, इनमें मो. अकबर (कवर्धा विधानसभा), अनिला भेडिय़ा बालोद जिले के डौंडीलोहारा से, रविन्द्र चौबे बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा सीट से, रुद्र गुरु दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा सीट और दुर्ग ग्रामीण से विधानसभा चुनाव जीतने वाले ताम्रध्वज साहू मंत्री बनाए गए हैं। इसके साथ ही सबसे ज्यादा मंत्री देने वाला संभाग दुर्ग बन गया है।
वहीं बस्तर संभाग से एकमात्र विधायक कवासी लखमा को मंत्री बनाया गया है। रायपुर संभाग से शिव डहरिया (आरंग), सरगुजा संभाग से टी.एस. सिंहदेव, प्रेमसाय सिंट टेकाम, बिलासपुर से उमेल पटेल (खरसिया), जयसिंह अग्रवाल मंत्री (कोरबा) बनाए गए हैं।