रायपुर। पेंशनबाड़ा स्थित बॉयज हॉस्टल में आपसी विवाद के चलते छात्रों के दो गुट भिड़ गए। दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। हॉस्टल की टेबल-कुर्सियां तोड़ डाली गई। छात्रों ने मौके पर पहुंचे डायल-112 के पुलिस वाहन को भी नहीं छोड़ा। उसमें भी तोड़-फोड़ की गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। हॉस्टल के माहौल को देखते हुए पुलिस फोर्स को 24 घंटे के लिए तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक पेंशनबाड़ा में अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रावास है। इसके दो हॉस्टलों में 300 से अधिक छात्र रहते हैं और अलग-अलग स्कूल-कॉलेजों में पढ़ते हैं। 18 दिसम्बर को हॉस्टल में गुरु घासीदास जयंती का आयोजन किया गया था। रात में करीब 1.30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर छात्रों के एक गुट ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया।
इसके विरोध में दूसरे गुट के छात्र उतर गए। इसके बाद दोनों गुटों में मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। मौके पर पुलिस की डायल-112 की गाड़ी पहुंची। छात्रों ने उस पर भी पत्थरबाजी कर दी। इससे गाड़ी के शीशे टूट गए। इसके बाद भी छात्रों के बीच विवाद नहीं थमा।
दोनों पक्ष के लोग टेबल-कुर्सी और वाहनों में तोड़-फोड़ करते रहे। बाद में बड़ी संख्या में पुलिस बल भेजा गया। इसके बाद भी पत्थरबाजी होती रही। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
बुधवार को सुबह एसडीएम की उपस्थिति में हॉस्टल के छात्र नेताओं, वार्डन की बैठक कराई गई। दोनों पक्षों ने उपद्रव नहीं मचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने अज्ञात छात्रों के खिलाफ वाहन में तोड़-फोड़ का मामला दर्ज किया है।
Add Comment