रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां प्रदेशभर में जोरों से चल रही है। गुजरात के अहमदाबाद में आगामी 21 से 23 दिसंबर तक होने वाले इस अधिवेशन में छत्तीसगढ़ से सैकड़ों महिला कार्यकर्ता, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल होंगी।
तैयारियों व अन्य बिन्दुओं पर मंगलवार को प्रदेश महिला मोर्चा की एकात्म परिसर में हुई बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव विभा राव, प्रदेश महामंत्री मीनल चौबे, मीडिया प्रभारी विभा अवस्थी, आशा दुबे आदि उपस्थित थीं।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी ने बताया कि अधिवेशन का उद्घाटन देश की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन करेंगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अधिवेशन के समापन सत्र में प्रेरक मार्गदर्शन करेंगे।
श्रीमती विधानी ने बताया कि इस अधिवेशन में देश की प्रमुख महिला नेत्री सहभागी होंगीं। इसमें केन्द्रीय मंत्री, भाजपा शासित प्रदेशों की महिला मंत्री, सांसद, विधायक सहित अन्य जन-प्रतिनिधि शामिल होंगीं। इस प्रकार देशभर से लगभग छह हजार प्रतिनिधि बहनें इस अधिवेशन में हिस्सा लेंगीं।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी, उनके मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जीतूभाई वाघानी, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल, भूपेन्द्र यादव (राष्ट्रीय महामंत्री) एवं सुश्री सरोज पाण्डेय (राष्ट्रीय महामंत्री) उद्घाटन समारोह में रहेंगीं।
22 दिसंबर को अधिवेशन का समापन होगा। यह सत्र सभी के लिए खुला रहेगा। 23 दिसंबर को देशभर से आई हुई महिला नेत्रियां विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ युनिटी देखने के लिए जाएंगीं।
श्रीमती विधानी ने कहा कि इस अधिवेशन में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसमें केन्द्र की सरकार द्वारा नए भारत के निर्माण के लिए किए गए सभी महत्वपूर्ण निर्णयों का जिक्र रहेगा। महिलाओं के लिए किए गए सभी निर्णयों का भी उसमें समावेश होगा।
विरोधियों की भ्रम फैलाने की कोशिशों को नाकाम करना, 2019 के चुनाव में फिर श्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार लाने के लिए रोड-मैप बनाना अधिवेशन का मुख्य एजेंडा रहेगा। संगठनात्मक गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मोर्चा का अधिवेशन 2008 में नई दिल्ली में हुआ था। लंबे समय के बाद होने वाला यह राष्ट्रीय अधिवेशन महिला मोर्चे के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। अप्रैल में गाजियाबाद में राष्ट्रीय प्रशिक्षण, जुलाई में ओडिशा के पूरी में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बाद अब राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है।
Add Comment