छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

जगदलपुर में BJP व कांग्रेस के विवाद ने पकड़ा तूल… कांग्रेसियों का आरोप- BJP के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को किए थे गंदे इशारे,अश्लील टिप्पणी भी की…

सोमवार को जगदलपुर में कांग्रेसियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट की घटना अब लगातार तूल पकड़ती जा रही है। दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत भी दिया है। साथ ही प्रेसवार्ता रख अब आरोप-प्रत्यारोप भी करना शुरू कर दिए हैं। बुधवार को कांग्रेसी नेताओं ने प्रेसवार्ता रख भाजपा कार्यकर्ताओं पर कई गम्भीर आरोप लागए हैं। इधर BJP भी बयानबाजी करने पीछे नहीं है।

भाजपाइयों ने महिलाओं को किए थे गंदे इशारे
संसदीय सचिव व जगदलपुर विधायक रेखचन्द जैन ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता देश मे बढ़ती महंगाई के खिलाफ शांति पूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इतने में बीजेपी कार्यालय के अंदर मौजूद कुछ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रर्दशन कर रही कांग्रेस की महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी की, गंदे इशारे किए।

साथ ही कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गंदी गालियां भी दी। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इस तरह का घिनौना कृत्य कर अपने गंदे चरित्र को उजागर किया है। भाजपा के कार्यकर्ता आज भी यह बात कर रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी के एक-एक कार्यकर्ताओं के घर में घुस कर बदला लिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी अहिंसा की पुजारी है, हम शांति के साथ काम करते हैं। लेकिन भाजपा के इस कृत्य ने साबित कर दिया कि वे इस प्रवृत्ति के लोग हैं।

कांग्रेसी बल पूर्वक तोड़ रहे थे BJP कार्यालय का गेट
भाजपा जिलाध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बल पूर्वक भाजपा कार्यालय के गेट को तोड़ने की कोशिश की, जो निंदनीय अपराध है। धरना प्रदर्शन करने का लोकतंत्र में सभी को अधिकार है। लेकिन अपने अधिकार के अंतर्गत रहते हुए इस तरह के कार्यक्रम करने चाहिए। भाजपा के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन करते हैं लेकिन किसी के घर में घुस कर, कार्यालय का तोड़फोड़ नहीं करते। कांग्रेसी गाली गलौच करते हुए कार्यालय में घुस रहे थे। उन्हें पीछे करने पुलिस जवानों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। हमने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत कर दी है। यदि शासन के दबाव में कार्रवाई नहीं हुई तो हम फिर इसका विरोध प्रदर्शन करेंगे।

यह था पूरा मामला
देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ सोमवार को कांग्रेसियों के द्वारा भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा था। इस बीच बीजेपी व प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त झड़प भी हो गई। पुलिस जवानों को इस मामले को सुलझाने अपनी एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा था। दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद चल ही रहा था कि इस बीच सांसद दीपक बैज का काफिला भी वहां से गुजर रहा था। जिसे भाजपा के कार्यकताओं ने रोकने की कोशिश की। तकरीबन 3 से 4 घंटे तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

Back to top button
close