रायपुर। छत्तीसगढ़ के सियासी चर्चा के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली तलब किया है। आज सभी नेता राहुल को यहां की स्थिति से अवगत कराएंगे। कांग्रेस छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने को लेकर काफी आशान्वित हैं। राहुल गांधी मतगणना के बाद की स्थिति पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस पूरी बहुमत जुटा लेती है तो उसे कोई दिक्कत नहीं होगी। सरकार बनाने के लिए कुछ सीट कम पड़ गए तो गठबंधन करना पड़ेगा। इस स्थिति में पार्टी का क्या कदम होगा। इस पर राहुल मंथन करेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी छत्तीसगढ़ की चुनावी स्थिति की जानकारी लेने शुक्रवार को प्रदेश के नौ वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली तलब किया है। बैठक में शामिल होने के लिए गुरुवार को पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, चुनाव योजना एवं रणनीति समिति के अध्यक्ष रविंद्र चौबे दिल्ली पहुंच गए, जबकि नेता-प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार डहरिया, सांसद ताम्रध्वज साहू, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेंद्र साहू, विधायक सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर शुक्रवार को सुबह रवाना हुए। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया, डॉ. अरुण उरांव और डॉ. चंदन यादव भी शामिल होंगे।
प्रदेश में चुनाव नतीजे आने से पहले भाजपा और कांग्रेस भले ही अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन अभी तक दोनों संशय की स्थिति में हैं। दोनों पार्टी मतदान के बाद बैठक कर एक-एक सीटों पर चर्चा की है। मिली रिपोर्ट के अनुसार दोनों पार्टी पूर्ण बहुमत को लेकर संशय की स्थिति में हैं। गठबंधन की जरुरत पड़ी तो क्या होगा। प्रदेश में जोगी कांग्रेस और बसपा गठबंधन वाली पार्टी पर भी दोनों दलों की नजर है। साथ ही निर्दलीय कितने आते हैं।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ व बसपा के साथ गठबंधन करने की स्थिति बनी तो कांग्रेस के लिए दिक्कत इस बात की होगी कि उसने जोगी को पार्टी से बाहर किया है। इसके बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से लेकर पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल समेत कई वरिष्ठ नेता जोगी की वापसी की संभावना को पूरी तरह से खारिज करते रहे हैं। नेता-प्रतिपक्ष सिंहदेव ने तो यह तक कहा है कि जोगी कांग्रेस में वापस आते हैं, तो वे राजनीति छोड़ देंगे।
पार्टी सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी संभावनाओं को देखते हुए ही वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा करेंगे, ताकि गठबंधन की नौबत आई, तो वे मानसिक रूप से तैयार रहें। गठबंधन की शर्तें क्या हो सकती हैं, कांग्रेस किन शर्तों को मानेगी, ऐसे कई बिंदुओं पर चर्चा होने की संभावना है।
ईवीएम से छेड़छाड़ पर होगी चर्चा
राहुल को पीसीसी अध्यक्ष और नेता-प्रतिपक्ष पांच जिलों के स्ट्रांग रूम में अनाधिकृत लोगों के प्रवेश के मामलों से अवगत कराएंगे। यह भी बताएंगे कि इसकी शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका जता दी गई है। स्ट्रांग रूम की चौबीस घंटे निगरानी हो रही, यह जानकारी भी दी जाएगी।
Add Comment