तिल्दा-नेवरा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार को तिल्दा-नेवरा में बलौदाबाजार से भाजपा प्रत्याशी टेसूलाल धुरंधर के पक्ष में प्रचार कर विकसित से समृद्ध छत्तीसगढ़ बनाने के लिए प्रदेश में चौथी बार फिर से कमल खिलाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने आमसभा में उपस्थित लोगों से कहा कि आपके विधानसभा क्षेत्र से टेसूलाल के साथ डॉ. रमन चुनाव लड़ रहा है। टेसू को आपके द्वारा दिया गया समर्थन मुझे आशीर्वाद के रूप में प्राप्त होगा।मुख्यमंत्री ने 15 वर्षों में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु भाजपा सरकार द्वारा किए गए जनहित के कार्यों को बताते हुए कहा कि आज बलौदाबाजार जिला विकास के मामले में अपनी एक नई चमक बिखेर रहा है। जिला बनने से इस क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी की तारीफ करते हुए कहा कि टेसूलाल धुरंधर ने एक शिक्षक के रूप में ज्ञान की रोशनी फैलाने का काम किया है। चरित्रवान आदमी को अपना विधायक बनाएंगे तो वो ईमानदारी के साथ क्षेत्र का सर्वांगीन विकास करेगा।
उन्होंने कहा कि सत्ता के लालच में कांग्रेस पार्टी बिना पानी के मछली की तरह तड़प रही है। कांग्रेस का आज केवल एक ही उद्देश्य है कि कैसे भी करके सत्ता में आ जाएं। जिस पार्टी के पास नेता, नियत और नीति नहीं है, ऐसी पार्टी सरकार चलाने का अधिकार नहीं रखती है। छत्तीसगढ़ में नैतिकता और ईमानदारी की राजनीति होती है।
मुख्यमंत्री ने धान की कीमत पर विपक्षी पार्टियों द्वारा किए गए घोषणा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज किसान भाइयों के भावनाओं के साथ खेल खेला जा रहा है। 16 प्रतिशत की ब्याज़ दर से किसानों को ऋण देने वाले लोग आज 2500 और 2800 सौ रुपये कीमत का प्रलोभ देकर मंडी में जैसे बोली लगती है वैसे ही किसान के मेहनत और पसीने की बोली अपने राजनीतिक फायदे के लिए लगा रहे हैं।
भाजपा सरकार में किसान अपनी फसल का उचित दाम प्राप्त कर खुशहाली के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्यान्न सहायता योजना से आज छत्तीसगढ़ का हर परिवार भर पेट खाना खा रहा है। भाजपा सरकार द्वारा बनाए गए पीडीएस की तारीफ आज देश और दुनिया में होती है।
प्रदेश की जनता को 128 महीने से इस योजना का लाभ मिल रहा है। यूनाइटेड नेशन ने भी इस योजना को सराहा है। राज्य में भाजपा सरकार ने केवल सड़क, स्कूल और पुलिया बनाने का ही काम नहीं किया है, बल्कि गांव, गरीब और किसानों के लिए जनहितैषी योजनाएं बनाकर छत्तीसगढ़ को देश का नंबर 1 राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया है।
यह भी देखें : योगी आदित्यनाथ 14 को बिल्हा-तखतपुर में लेंगे सभा…
Add Comment