अमित शाह का राहुल पर तीखा हमला… राहुल बाबा के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन क्षेत्र से ज्यादा कुछ नहीं… कांग्रेस नक्सलवाद फैलाने वाली पार्टी

रायपुर। खुज्जी विधानसभा के अंबागढ़ चौकी में आमसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ को नवा छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प लिया है। पिछले 15 साल में रमन सरकार ने छत्तीसगढ़ का जो कायाकल्प किया है, उसमें और चार चांद लगाकर इसे विकसित राज्य बनाना है।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दस साल पहले केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। तब छत्तीसगढ़ को अधिकार नहीं मिलता था। छत्तीसगढ़ में रमन सिंह नाम के इंजन ने विकास किया। अब केंद्र में मोदी की सरकार है तो डबल इंजन हो गया है।
इस डबल इंजन ट्रेन की बदौलत नवा छत्तीसगढ़ बनाएंगे। कांग्रेस ने कभी भी किसी चीज का हिसाब नहीं दिया, लेकिन भाजपा पाई-पाई और पल-पल का हिसाब दे रही है। 15 साल पहले छत्तीसगढ़ का हाल क्या था, आप सब जानते हैं, जोगी के शासन में 9000 करोड़ का बजट था, जिसे रमन सरकार ने 83,180 करोड़ कर दिया है। जो देश के किसी राज्य में नहीं हुआ।
राहुल गांधी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा- राहुल बाबा के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन क्षेत्र से ज्यादा कुछ नहीं है। कांग्रेस ने 55 साल शासन किया, लेकिन छत्तीसगढ़ में क्या बनाया। भाजपा के शासन में आने के बाद ही चहुंमुखी विकास हुआ है।
अमित शाह ने कांग्रेस के राज बब्बर के उस बयान पर, जिसमें नक्सलियों को क्रांतिवारी बताया था, पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नक्सलवाद फैलानेवाली पार्टी है। नक्सली क्रांतिकारी नहीं होते। किसी का खून, धमाका करने वाले क्रांतिकारी नहीं होते।
यह भी देखें : आप का प्रचार दिवाली बाद…केजरीवाल आएंगे 16 नवंबर को…